रायपुर, 18 दिसंबर। CG Chamber : छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज एवं प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में राजधानी रायपुर के व्यापारियों के लिए एक विशेष आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का विषय ‘अनिश्चितता के दौर में मानसिक मजबूती और सफलता का मार्ग’ रखा गया है।
इस भव्य आयोजन में विश्वविख्यात आध्यात्मिक वक्ता ब्रह्माकुमारी शिवानी दीदी मुख्य वक्ता के रूप में व्यापारियों को तनावमुक्त जीवन, सकारात्मक सोच और मानसिक सशक्तिकरण के सूत्र प्रदान करेंगी। यह कार्यक्रम 22 दिसंबर 2025, रविवार को शाम 6:00 बजे से इंडोर स्टेडियम, बुढ़ापारा, रायपुर में आयोजित होगा।
कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने हेतु छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के मार्गदर्शन में चेम्बर एवं ब्रह्माकुमारी संस्थान के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व से सौजन्य भेंट कर उन्हें कार्यक्रम में गरिमामय उपस्थिति हेतु आमंत्रित किया। प्रतिनिधिमंडल द्वारा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, तथा उपमुख्यमंत्री अरुण साव को औपचारिक आमंत्रण पत्र सौंपा गया।
इस अवसर पर चेम्बर के संरक्षक एवं पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी, लाभचंद बाफना, प्रमुख सलाहकार सरल मोदी, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष राधाकिशन सुंदरानी, जसप्रीत सिंह सलूजा सहित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय से ब्रह्माकुमारी सविता दीदी, रश्मी दीदी एवं महेश डोडवानी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। चेम्बर पदाधिकारियों ने बताया कि यह कार्यक्रम व्यापारियों को वर्तमान आर्थिक व व्यावसायिक अनिश्चितताओं के बीच मानसिक संतुलन, आत्मविश्वास और सफलता (CG Chamber) के नए दृष्टिकोण प्रदान करेगा।

