New Year Celebration : ब्रह्माकुमारी संस्थान में आध्यात्मिक संकल्पों के साथ नए वर्ष का स्वागत…साधना और सेवा का संदेश

New Year Celebration : ब्रह्माकुमारी संस्थान में आध्यात्मिक संकल्पों के साथ नए वर्ष का स्वागत…साधना और सेवा का संदेश

रायपुर, 04 जनवरी। New Year Celebration : प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा नवा रायपुर के सेक्टर-20 स्थित नवनिर्मित भवन एकेडमी फॉर ए पीसफुल वर्ल्ड, शान्ति शिखर में नववर्ष का आयोजन आध्यात्मिक उल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर मन से पुरानी बातों, नकारात्मक स्वभाव और संस्कारों की विदाई के संकल्प के साथ नए वर्ष का स्वागत किया गया। साथ ही “परमात्मा को मेरा उपहार (My Gift to GOD)” नामक विशेष प्रोजेक्ट का शुभारंभ भी किया गया।

नये वर्ष में परमात्मा को देंगे अच्छाइयों का उपहार: ब्रह्माकुमारी सविता दीदी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्रह्माकुमारी संस्थान की रायपुर संचालिका ब्रह्माकुमारी सविता दीदी ने कहा कि यदि नए वर्ष में हम सभी में दूसरों की विशेषताएं और अच्छाइयाँ देखने का संस्कार विकसित कर लें, तो स्वतः ही हम विशेष आत्मा बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति में कुछ न कुछ कमियाँ होती हैं, लेकिन हमें उनके गुणों और सकारात्मक पक्ष पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए और उन्हीं अच्छाइयों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।

सविता दीदी ने कहा कि पुराने वर्ष के साथ पुरानी बातों और नकारात्मकताओं को विदा कर अब नए वर्ष में नवीनता, सकारात्मकता और आत्मिक उन्नति का संकल्प लेना होगा। उन्होंने सभी साधकों को क्षेत्रीय मुख्यालय से प्राप्त साप्ताहिक चार्ट नियमित रूप से भरने के लिए प्रेरित किया और कहा कि रोज रात सोने से पहले ईमानदारी से स्वयं की चेकिंग करें, जिससे पूरे दिन कर्मों पर ध्यान बना रहे।

उन्होंने नकारात्मक और व्यर्थ विचारों से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि ऐसे विचार आत्मा की शक्ति को कमजोर करते हैं। सभी के लिए शुभ भावना और कल्याण की कामना करने से स्वयं का भी कल्याण स्वतः होता है। सभी साधकों के चार्ट महाशिवरात्रि के अवसर पर माउंट आबू में परमात्मा शिवबाबा को अर्पित किए जाएंगे।

कार्यक्रम के अंत में विश्व कल्याण की भावना के साथ सामूहिक मेडिटेशन किया गया। कार्यक्रम का संचालन ब्रह्माकुमारी रश्मि दीदी ने किया। इस अवसर पर रायपुर की गायिका कु. शारदा नाथ ने मधुर गीतों की प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह को उमंग और उत्साह से भर दिया।

About The Author

धर्म