नई दिल्ली, 24 जनवरी। Delhi Metro Toilet : दिल्ली मेट्रो से जुड़ा एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों को नाराज और हैरान कर दिया है। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति मेट्रो स्टेशन के अंदर कांच की दीवार के पास खुलेआम टॉयलेट करता नजर आ रहा है। जैसे ही उसे वीडियो बनाए जाने का अहसास होता है, वह मौके से भाग जाता है।
सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। यूजर्स इस हरकत को शर्मनाक बताते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि ऐसे लोगों की तस्वीरें सार्वजनिक जगहों पर लगाई जानी चाहिए, ताकि दूसरों को सबक मिले। वहीं कई लोगों का कहना है कि समाज में आज भी सिविक सेंस की भारी कमी है। कुछ यूजर्स ने दावा किया कि मेट्रो परिसर में पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं।
मेट्रो स्टेशन पर मौजूद हैं टॉयलेट की सुविधा
लोगों का कहना है कि यह घटना इसलिए भी ज्यादा निंदनीय है, क्योंकि दिल्ली मेट्रो के लगभग हर स्टेशन पर टॉयलेट की सुविधा मौजूद है। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) की वेबसाइट के अनुसार, मेट्रो ट्रेनों के अंदर टॉयलेट नहीं होते, लेकिन स्टेशनों पर फ्री या ‘पे एंड यूज’ टॉयलेट यात्रियों के लिए उपलब्ध कराए गए हैं।
DMRC ने दी प्रतिक्रिया
दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि यात्रियों को किसी भी तरह की असुविधा के लिए उन्हें खेद है। DMRC के अनुसार, मेट्रो परिसर में गलत गतिविधियों पर कार्रवाई की जाती है। यात्रियों की सुविधा के लिए 24×7 टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 155370 भी जारी किया गया है। किसी भी समस्या या आपत्ति की स्थिति में यात्री कस्टमर केयर सेंटर से संपर्क कर सकते हैं।
कार्रवाई की मांग तेज
वायरल वीडियो के बाद आम लोग प्रशासन और DMRC से सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं, ताकि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की शर्मनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


