मथुरा/महावन, 24 जनवरी। Yamuna River Corpse : जमुनापार थाना क्षेत्र के महावन में चौकीदार की नृशंस हत्या का मामला सामने आया है। पांच दिन से लापता 50 वर्षीय चौकीदार रंधीर सिंह उर्फ रणवीर की गला दबाकर हत्या कर शव को बोरे में भरकर गोकुल बैराज के पास यमुना नदी में फेंक दिया गया। पुलिस ने आरोपी सोनू को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार की है।
20 साल से उमा वाटिका में करता था चौकीदारी
गांव शाहपुर निवासी रंधीर सिंह लक्ष्मीनगर स्थित उमा वाटिका में पिछले 20 वर्षों से चौकीदार के पद पर कार्यरत थे। 18 जनवरी को वह ड्यूटी पर जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। मोबाइल बंद आने पर परिजनों ने 20 जनवरी को जमुनापार थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
शराब पिलाकर की हत्या
एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह के अनुसार, आरोपी सोनू ने मृतक को अपनी मां के साथ आपत्तिजनक अवस्था में देख लिया था। इसी बात से नाराज होकर उसने शराब पिलाई और नशे की हालत में रंधीर सिंह की गला दबाकर हत्या कर दी। बाद में शव को बोरे में पैक कर ई-रिक्शा से गोकुल बैराज ले जाकर यमुना नदी में फेंक दिया।
CCTV फुटेज में आरोपी कैद
पुलिस ने वाटिका, पैठ बाजार से लेकर गोकुल बैराज तक करीब 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। फुटेज में आरोपी ई-रिक्शा में बोरा ले जाते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस ई-रिक्शा चालक की तलाश कर रही है।
थाने का घेराव और सड़क जाम
हत्या की जानकारी मिलने पर शुक्रवार को मृतक के स्वजनों ने जमुनापार थाने का घेराव किया और लक्ष्मीनगर मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन शांत कराया गया।
शव की तलाश जारी
पुलिस यमुना नदी में स्टीमर के जरिए शव की तलाश कर रही है। आरोपी सोनू पुलिस हिरासत में है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

