Body Recovered from Drain : पतंग के पीछे दौड़ते नाले में गिरा 15 साल का मिथुन, बेटे को खोजने खुद उतरा पिता; 4 दिन बाद स्कूल यूनिफॉर्म में मिली मिथुन की लाश

Body Recovered from Drain : पतंग के पीछे दौड़ते नाले में गिरा 15 साल का मिथुन, बेटे को खोजने खुद उतरा पिता; 4 दिन बाद स्कूल यूनिफॉर्म में मिली मिथुन की लाश

नई दिल्ली, 25 अगस्त। Body Recovered from Drain : दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के जसोला गांव में खुले नाले में गिरे 15 वर्षीय मिथुन का शव चार दिन बाद बरामद कर लिया गया। शनिवार सुबह पतंग के पीछे दौड़ते समय मिथुन खुले नाले में गिर गया था। हादसे के बाद से लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा था।

घटना की सूचना शनिवार सुबह करीब 11:54 बजे दिल्ली फायर सर्विस को मिली। फायर विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और बच्चे की तलाश शुरू की गई। नाले में तेज पानी का बहाव और कचरे के कारण रेस्क्यू टीमों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

बेटे की तलाश में खुद नाले में उतर गया पिता

चार दिन तक बेटे का कोई सुराग नहीं मिलने के बाद पिता की बेबसी सामने आई। बेटे मिथुन की तलाश में पिता खुद कचरे और गंदे पानी से भरे खुले नाले में उतर गए। वह हाथों से कचरा हटाकर बेटे को खोजते रहे। परिवार को उम्मीद थी कि मिथुन जिंदा मिल जाएगा, लेकिन मंगलवार को रेस्क्यू टीमों ने नाले से उसका शव बरामद कर लिया। स्कूल यूनिफॉर्म में नाले में गिरा मिथुन आठवीं कक्षा का छात्र था।

फायर सर्विस, NDRF और बोट क्लब ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान नाले में तेज पानी का बहाव बड़ी चुनौती बना रहा। फायर सर्विस, NDRF और बोट क्लब की टीमों ने आपसी समन्वय के साथ बच्चे की तलाश की। चार दिन बाद अभियान का अंत मिथुन का शव मिलने के साथ हुआ।

लापरवाही के आरोप में MCD का JE सस्पेंड

मामले में दिल्ली नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए दक्षिण-पूर्वी जोन के एक जूनियर इंजीनियर को ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में सस्पेंड कर दिया है। MCD ने अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने की बात कही है। मिथुन की मौत ने दिल्ली में खुले और असुरक्षित नालों की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

About The Author

राष्ट्रीय