रायपुर, 26 अगस्त। Chhattisgarh SC Commission:छत्तीसगढ़ शासन ने राज्य अनुसूचित जाति आयोग में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति कर दी है। अनुसूचित जाति विकास विभाग की ओर से 25 अगस्त 2026 को जारी आदेश में आयोग के नए पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की गई है।
शासन ने यह नियुक्तियां छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति आयोग अधिनियम, 1996 और यथासंशोधित छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति आयोग (संशोधन) अधिनियम, 2020 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए की हैं।
रामलाल चौहान बने आयोग के अध्यक्ष
जारी आदेश के अनुसार रामलाल चौहान को छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति आयोग का अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। वहीं वेदराम मनहर को उपाध्यक्ष बनाया गया है। आयोग के सदस्यों के रूप में सौरभ सिंह जागृत, दुर्गा महेश्वर और दयावत घर बाधे को मनोनीत किया गया है।
राज्य सरकार के प्रसाद पर्यन्त रहेगा कार्यकाल
आदेश के मुताबिक अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और प्रत्येक सदस्य जिस तारीख को अपना पद ग्रहण करेंगे, उसी तारीख से राज्य सरकार के प्रसाद पर्यन्त पद धारण करेंगे। इसके अलावा कोई भी सदस्य किसी भी समय राज्य सरकार को संबोधित स्वहस्ताक्षरित पत्र के माध्यम से अध्यक्ष या सदस्य के पद से त्यागपत्र दे सकता है। यह आदेश छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से तथा उनके आदेशानुसार जारी किया गया है। आदेश पर संयुक्त सचिव अनुपम त्रिवेदी के डिजिटल हस्ताक्षर दर्ज हैं।


