रायपुर, 27 अगस्त। CG Cabinet Minister Status: छत्तीसगढ़ सरकार ने निगम, मंडल, आयोग और अन्य संस्थाओं के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्षों को मंत्री दर्जा देने का बड़ा आदेश जारी किया है। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा 27 अगस्त 2026 को जारी आदेश के अनुसार कुल 18 अध्यक्ष और उपाध्यक्षों को कैबिनेट मंत्री एवं राज्य मंत्री का दर्जा दिया गया है।
केवल शिष्टाचार के लिए दिया गया मंत्री दर्जा
सरकार के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अध्यक्षों और उपाध्यक्षों को कैबिनेट मंत्री या राज्य मंत्री का दर्जा केवल शिष्टाचार के लिए प्रदान किया गया है। नियमानुसार मिलने वाली सुविधाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी संबंधित शासकीय विभाग, निगम, मंडल या आयोग की होगी।
पुन्नूलाल सिंह मड़ावी के दर्जे में संशोधन
आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष पुन्नूलाल सिंह मड़ावी को पहले 29 अक्टूबर 2025 के आदेश के तहत राज्य मंत्री का दर्जा दिया गया था। नए आदेश के माध्यम से इसमें संशोधन करते हुए उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया है। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह सूची किसी प्रकार की वरिष्ठता या प्रोटोकॉल की स्थिति को प्रदर्शित नहीं करती। आदेश जारी होने की तारीख से प्रभावशील होगा।

