राष्ट्रीय

पहाड़ों में बर्फबारी व मैदानों में बारिश से बढ़ने लगी ठंड, जानें- दिल्ली-एनसीआर समेत देश के अन्य हिस्सों आज कैसा रहेगा मौसम

नई दिल्ली, 25 अक्टूबर। उत्तर भारत के पहाड़ों में बर्फबारी के बाद दिल्ली और आसपास के मैदानी इलाकों में भी बारिश पड़ने से मौसम ठंडा हो गया है। दिल्ली में रविवार शाम को तेज हवा के साथ दो घंटे में 27 एमएम बारिश हुई। इससे रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर 31.5 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 19.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, कश्मीर में जहां अनंतनाग जिले में बर्फबारी में फंसे दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, किश्तवाड़ में एक एंबुलेंस चालक कुलवंत सिंह का शव भी बर्फ से बरामद किया गया है। वह मांडवा में मरीज को लेने गया था। बारिश और हिमपात के कारण जम्मू कश्मीर में मरने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। वहीं, उत्तराखंड के ऊपरी इलाकों में भी बर्फबारी हुई है।

दिल्ली-एनसीआर में आज कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली एनसीआर में रविवार को दिन भर मौसम साफ रहा। हल्की धूप भी खिली रही। मौसम विभाग का यलो अलर्ट बेमानी लगने लगा था, लेकिन शाम होते होते बादल छा गए। दिल्ली के कई क्षेत्रों में बारिश शुरू हो गई। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की तेज रफ्तार हवा के साथ कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हुई। इससे ठंड भी बढ़ गई है। आइएमडी ने सोमवार को आसमान में बादल छाए रहने और अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 31 और 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है।

कश्मीर में बर्फबारी

कश्मीर में शनिवार से ही बर्फबारी हो रही है। रविवार की सुबह करीब पांच बजे इस क्षेत्र में चार लोगों के फंसने की खबर मिली थी। इसके बाद जिला प्रशासन के अधिकारी, एनडीआरएफ, सेना और पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पहुंचने के लिए टीम को करीब 30 किलोमीटर का रास्ता तय करना पड़ा है। पूरे रास्ते में बर्फ पड़ी थी और काफी धुंध थी। आठ किलोमीटर का रास्ता बर्फीली हवाओं के बीच पैदल ही तय करना पड़ा। मौके पर पहुंचकर टीम ने बचाव अभियान चलाया। वहां एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि एक अन्य की मौत वापस लाते समय रास्ते में हो गई। अधिकारियों ने कहा कि दो लोगों को बचा लिया गया है। दोनों हाइपोथर्मिया केशिकार हो गए हैं। कोकरनाग के एसडीएम शरीब सहारन ने बताया कि दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उत्तराखंड में हिमपात से पांच डिग्री गिरा तापमान

उत्तराखंड में मौसम ने फिर करवट बदल ली है। ताजा पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र में पहुंचने के कारण प्रदेश में बादलों ने डेरा डाला और देर शाम केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में हिमपात शुरू हुआ। जबकि, मैदानी इलाकों में भी झमाझम बारिश शुरू हुई। कई इलाकों में भारी ओलावृष्टि की भी सूचना है। प्रमुख शहरों के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई।

केरल के चार जिलों में आरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने केरल के चार जिलों को सोमवार के लिए आरेंज अलर्ट और अन्य जिलों को येलो अलर्ट जारी किया। आरेंज अलर्ट 6-20 सेंटीमीटर बारिश को दर्शाता है, जबकि येलो अलर्ट का मतलब 6-11 सेंटीमीटर बारिश को। ये चार जिले कोल्लम, पठानमथिट्टा, कोट्टायम और इडुक्की हैं। कन्नूर और कासरगोड को छोड़कर अन्य जिले जिनके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

आज कहां होगी बारिश?

मौसम की जानकारी देने वाली वेबसाइट स्काई मेट वेडर के अनुसार सोमवार, 25 अक्टूबर को पंजाब में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। उत्तराखंड में छिटपुट हिमपात हो सकता है। कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, रायलसीमा और तटीय आंध्र प्रदेश और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हरियाणा, उत्तर-पश्चिम और पूर्वी राजस्थान, उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, लक्षद्वीप, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में हल्की बारिश की संभावना है। उत्तर पश्चिमी मैदानी इलाकों के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आने की भी संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button