खेल

Asian Youth Games : छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में रचा नया अध्याय…! बस्तर के युवराज सिंह का एशियन यूथ गेम्स के लिए भारतीय म्यूथाई टीम में चयन

जगदलपुर/बस्तर, 17 अक्टूबर। Asian Youth Games : छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल से संबंध रखने वाले म्यूथाई खिलाड़ी युवराज सिंह राजपूत ने एक बार फिर राज्य का नाम रोशन किया है। 17 वर्षीय युवराज का चयन एशियन यूथ गेम्स 2025 (बहरीन, यूएई) में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए हुआ है। युवराज छत्तीसगढ़ से म्यूथाई खेल में एकमात्र चयनित खिलाड़ी हैं, जिससे राज्य के खेल इतिहास में एक गौरवपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है।

यह प्रतियोगिता ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (OCA) द्वारा 22 से 28 अक्टूबर 2025 तक बहरीन में आयोजित की जा रही है। म्यूथाई खेल को पहली बार एशियन यूथ गेम्स के 21 खेलों में शामिल किया गया है।

युवराज का यह चयन न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह उनकी स्वर्गीय दादी सविता देवी सिंह के सपनों की पूर्ति भी है, जिनका हाल ही में 18 सितंबर को निधन हो गया था। उस समय युवराज अबू धाबी में आयोजित यूथ वर्ल्ड चैंपियनशिप में भाग ले रहे थे, लेकिन उन्हें शोक में भाग लेने के लिए स्वदेश लौटना पड़ा। इसके कारण वह जयपुर में आयोजित इण्डिया कैम्प में चार दिन की देरी से शामिल हुए, लेकिन अपने जज़्बे और मेहनत से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया।

म्यूथाई भारतीय दल का गठन

भारत सरकार द्वारा IOA के माध्यम से 06 बालिका और 04 बालक खिलाड़ियों को म्यूथाई खेल के लिए स्वीकृति दी गई है। इसके तहत जयपुर में 4 से 20 अक्टूबर 2025 तक इंडिया कैम्प आयोजित किया गया, जिसमें 09 बालक और 09 बालिका खिलाड़ियों को विभिन्न राज्यों से आमंत्रित किया गया था। युवराज ने इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अंतिम 10 सदस्यीय टीम में स्थान पाया।

भारतीय दल की रवाना तिथि

21 अक्टूबर 2025 को भारतीय म्यूथाई दल बहरीन के लिए रवाना होगा, जिसमें 10 खिलाड़ी, 1 कोच, और 1 महिला मैनेजर शामिल होंगे। इस दल का नेतृत्व भारतीय म्यूथाई फेडरेशन (UMAI) के महासचिव और कोच श्रीराम चौधरी करेंगे।

छत्तीसगढ़ म्यूथाई संघ ने दी शुभकामनाएं

छत्तीसगढ़ म्यूथाई संघ के अध्यक्ष लखन कुमार साहू और महासचिव अनीस मेमन ने युवराज के चयन पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह राज्य के दूरस्थ अंचल बस्तर के लिए गर्व का क्षण है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव (संरक्षक, छत्तीसगढ़ एमेच्योर म्यूथाई एसोसिएशन), कोच अब्दुल मोइम, संघ पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने युवराज को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

भारतीय ओलंपिक संघ द्वारा चयनित सभी खिलाड़ियों का पूरा व्यय भारत सरकार वहन कर रही है, साथ ही खिलाड़ियों को लगभग ₹70,000 मूल्य का किट (ब्लेजर, फॉर्मल ड्रेस, बैग आदि) जयपुर में वितरित किया जा चुका है।

युवराज सिंह राजपूत ने न सिर्फ अपनी दादी के सपनों को साकार किया, बल्कि छत्तीसगढ़ और खासकर बस्तर अंचल को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम भी उठाया है। अब पूरे प्रदेश को उनसे एशियन यूथ गेम्स में स्वर्णिम प्रदर्शन की आशा है।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button