
गुरुग्राम, 08 दिसंबर। Om Shanti Retreat Centre : भारत के उप राष्ट्रपति एवं राज्यसभा सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा कि भारत की समृद्ध आध्यात्मिक परंपराएं राजयोग, विपस्सना, तपस्या और ध्यान विश्व को शांति, सत्य और आत्मबल का मार्ग दिखा रही हैं। ऋषि-मुनियों की साधना की यही विरासत आज भारत को विश्व गुरु के रूप में स्थापित कर रही है। वे गुरुग्राम के बहोड़ा कलां स्थित ब्रह्माकुमारी ओम शांति रिट्रीट सेंटर (ORC) के रजत जयंती वर्ष शुभारंभ–रश्मियां कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
उप राष्ट्रपति ने दीप प्रज्ज्वलन कर रजत रश्मियां के नाम से मनाए जाने वाले वर्षभर के कार्यक्रमों का विधिवत शुभारंभ किया। हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने उनका स्वागत किया।
ध्यान आत्मा, मन और शरीर को गहन शांति देता है : उप राष्ट्रपति
अपने संबोधन में उप राष्ट्रपति राधाकृष्णन ने कहा, ध्यान मनुष्य के भीतर सकारात्मक विचार और आंतरिक ऊर्जा का संचार करता है। गीता का संदेश है कि मन को जीतना ही सफलता का प्रथम सूत्र है।तिरुवल्लुवर के शब्दों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जीवन का अगला क्षण भी निश्चित नहीं, इसलिए सद्कर्म, सद्भाव और सेवा ही सच्ची शांति देते हैं। आध्यात्मिकता हमारी सबसे बड़ी शक्ति है, यह हर मनुष्य के भीतर विद्यमान है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कोविड काल में विश्व के कई देशों को निःशुल्क वैक्सीन उपलब्ध कराने को भारत की वसुधैव कुटुम्बकम् की भावना का सर्वोत्तम उदाहरण बताया।
आध्यात्मिकता जीवन का सार समझने की शक्ति : राव नरबीर सिंह
हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि, आध्यात्मिकता किसी धर्म से बंधी नहीं, बल्कि जीवन के सार को समझने की कला है। सकारात्मकता और सद्भाव से जीवन सहज व संतुलित बनता है। आध्यात्मिक शिक्षाएं व्यक्ति को सही निर्णय लेने और जीवन की चुनौतियों का सामना करने में सक्षम बनाती हैं।

ब्रह्माकुमारी संस्थान की वैश्विक भूमिका
संस्थान के महासचिव राजयोगी बीके करुणा ने बताया कि ब्रह्माकुमारीज़ विश्व का महिलाओं द्वारा संचालित सबसे बड़ा आध्यात्मिक संगठन है, जो 110 से अधिक देशों में हजारों सेवा केंद्र चला रहा है।ओआरसी निदेशिका आशा दीदी ने कहा, युग परिवर्तन केवल परमात्म शक्ति ही ला सकती है। ‘देह अभिमान’ बुराइयों की जड़ है, इसलिए परमात्मा हमें आत्मा का ज्ञान देते हैं। ‘मेरा घर स्वर्ग अभियान’ सहित रजत रश्मियां के अंतर्गत वर्षभर कई प्रमुख कार्यक्रम आयोजित होंगे। राजयोगिनी वेदांती दीदी ने उपस्थितों को राजयोग के अभ्यास से गहन शांति का अनुभव कराया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और बड़े पैमाने पर सहभागिता
कार्यक्रम में, अहमदाबाद की डॉ. दामिनी ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। ओआरसी सदस्यों ने सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। बीके हुसैन ने मंच संचालन किया। करीब 4000 से अधिक लोगों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
यह रहे उपस्थित
उप राष्ट्रपति के सेक्रेटरी अमित खरे, गुरुग्राम डीसी अजय कुमार, जॉइंट सीपी संगीता कालिया, डीसीपी ट्रैफिक राजेश मोहन, एसडीएम दिनेश लुहाच सहित कई गणमान्य व्यक्ति कार्यक्रम में मौजूद रहे।

