नई दिल्ली, 01 फरवरी। Sexual Relations : इंडोनेशिया के आचे प्रांत से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां शरिया कानून के उल्लंघन के आरोप में एक प्रेमी जोड़े को सार्वजनिक रूप से 140-140 कोड़े मारे गए। आरोप है कि दोनों ने शादी से पहले यौन संबंध बनाए और शराब का सेवन किया था।
न्यूज एजेंसी एफपी के मुताबिक, यह सजा पिछले 25 वर्षों में दी गई सबसे कठोर सजाओं में से एक मानी जा रही है। शरिया पुलिस ने दोनों को पीठ पर बांस की पतली छड़ी से कोड़े मारे। सजा के दौरान महिला दर्द के कारण रोने लगी और बेहोश हो गई।

बताया गया कि प्रेमी जोड़े को बिना शादी के शारीरिक संबंध बनाने के लिए 100-100 कोड़े और शराब पीने के आरोप में 40-40 कोड़े मारे गए। यह पूरी कार्रवाई सार्वजनिक रूप से की गई, जहां दर्जनों लोग मौजूद थे।
आचे एकमात्र प्रांत जहां शरिया कानून लागू
गौरतलब है कि इंडोनेशिया का आचे एकमात्र ऐसा प्रांत है जहां शरिया कानून लागू है। वर्ष 2001 में विशेष स्वायत्तता मिलने के बाद यहां इस्लामी कानूनों को सख्ती से लागू किया गया। इन कानूनों के तहत अविवाहित जोड़ों के बीच शारीरिक संबंध पूरी तरह गैरकानूनी हैं।

यह प्रेमी जोड़ा उन छह लोगों में शामिल था जिन्हें हाल ही में इस्लामिक कानून तोड़ने के आरोप में सजा दी गई। इससे पहले पिछले साल भी दो पुरुषों को शरिया कानून के उल्लंघन के मामले में 76-76 कोड़े मारे गए थे।
शरिया पुलिस को भी सज़ा से नहीं बख्शा

इस मामले में एक और अहम बात सामने आई है। इस्लामिक नैतिक नियमों का उल्लंघन करने के लिए कुल छह लोगों को सज़ा दी गई, जिसमें एक शरिया पुलिस अधिकारी और उसकी महिला साथी शामिल हैं। दोनों को 23-23 कोड़े मारे गए। शरिया पुलिस प्रमुख मुहम्मद रिज़ाल ने कहा कि कानून सबके लिए बराबर है और किसी को भी छूट नहीं दी जा सकती। उन्होंने यह भी माना कि ऐसी घटनाओं से विभाग की छवि खराब होती है, लेकिन नियम लागू करने में कोई अपवाद नहीं हो सकता।

