उन्नाव, 27 फरवरी। Father and Daughter Suicide : उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां 50 वर्षीय व्यक्ति और उसकी 14 वर्षीय बेटी की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना 23 फरवरी की रात गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के सहजनी क्रॉसिंग के पास हुई। रात करीब 8:45 बजे रेलवे ट्रैक किनारे दोनों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का मुआयना कर जांच शुरू कर दी।

फोन, पर्स और सुसाइड नोट बरामद
घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक सफेद कार खड़ी मिली, जिसमें से मोबाइल फोन और पर्स बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार मोबाइल के पीछे एक छोटा सुसाइड नोट मिला है, जिसमें कथित रूप से पत्नी को इस कदम के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतकों की पहचान 50 वर्षीय विकास गुप्ता और उनकी 14 वर्षीय बेटी वेदिका के रूप में हुई है। दोनों सहजनी चौराहे के पास किराए के मकान में रहते थे। पुलिस के मुताबिक विकास ने पहली पत्नी के निधन के बाद डॉली नाम की महिला से दूसरी शादी की थी और दांपत्य जीवन में विवाद की बात सामने आई है।
पत्नी का मुस्लिम युवक के साथ संबंध
मृतक के भाई शिवम ओमर ने पत्नी समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि विकास की पत्नी का पिछले दो महीने से एक मुस्लिम युवक के साथ संबंध है और वह उसके साथ विदेश भागने की योजना बना रही थी। इस बात को लेकर परिवार में तनाव था।
परिजनों के अनुसार 19 फरवरी को इसी मुद्दे पर विवाद और मारपीट हुई थी, जिसमें विकास के सिर में चोट आई थी। भाई का यह भी आरोप है कि 23 फरवरी को पुलिस को दी गई शिकायत पर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई।
जांच जारी
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक सुसाइड नोट, पारिवारिक विवाद और अन्य परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए हर एंगल से जांच की जाएगी। फिलहाल जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पुलिस ने इंकार किया है।

