दुबई, 13 मार्च। Dubai Missile Strike : संयुक्त अरब अमीरात के Dubai में मिडिल ईस्ट में बढ़ते ईरान-इजरायल तनाव के बीच शुक्रवार को सेंट्रल इलाके में जोरदार धमाके हुए। ईरान की मिसाइलों के हमलों के बाद शहर में धुएं का बड़ा गुबार देखा गया और इमारतें हिलती हुई महसूस की गई।
समाचार एजेंसियों की रिपोर्ट के अनुसार, शेख जायद रोड की ओर से सायरन की आवाजें भी सुनी गईं। धमाकों की वजह से शहर के फाइनेंशियल हब में अफरा-तफरी मची और नागरिकों में सुरक्षा की चिंता बढ़ गई।
मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के दौरान दुबई का बड़ा एयरपोर्ट, बंदरगाह और पाम जुमेराह सहित कई लग्जरी रियल एस्टेट परियोजनाएं बार-बार निशाना बन चुकी हैं। इस स्थिति ने दुबई के नागरिकों और व्यवसायों में सुरक्षा संबंधी तनाव बढ़ा दिया है, जबकि अंतरराष्ट्रीय समुदाय इस मामले पर बारीकी से नजर बनाए हुए है। धमाके और मिसाइल हमलों की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, और अधिकारियों ने लोगों से सुरक्षित स्थान पर रहने की चेतावनी जारी की है।
चोट लगने की कोई रिपोर्ट नहीं: दुबई मीडिया ऑफिस
दुबई मीडिया ऑफिस ने बताया कि मध्य दुबई में एक इमारत के बाहरी हिस्से को, इंटरसेप्शन के दौरान मलबा गिरने से मामूली नुकसान पहुंचा है। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इस घटना में किसी को कोई चोट नहीं लगी है। X पर एक पोस्ट में कहा गया, अधिकारियों ने पुष्टि की है कि मध्य दुबई में एक इमारत के बाहरी हिस्से को, एक सफल इंटरसेप्शन के दौरान मलबा गिरने से मामूली नुकसान पहुंचा है। किसी के घायल होने की कोई रिपोर्ट नहीं है।

