भंडारा/रायपुर, 11 सितंबर। Bhandara Road Accident: महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 6 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल हैं। हादसे में कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रायपुर से नागपुर जा रही जीप ट्रक से टकराई
जानकारी के मुताबिक, हादसा शुक्रवार तड़के करीब 3:30 बजे भंडारा जिले के लाखनी तालुका में पिंपलगांव (मुंडीपार) के पास नेशनल हाईवे पर हुआ। मजदूरों को लेकर एक जीप रायपुर से नागपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान मुंडीपार इलाके में पेट्रोल पंप पर डीजल भराने के बाद एक ट्रक नेशनल हाईवे पर चढ़ रहा था। तभी रायपुर की ओर से नागपुर जा रही जीप की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि जीप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं।
6 महिलाएं और 3 बच्चों की मौत
हादसे में जीप में सवार कुल 9 लोगों की मौत हुई है। मृतकों में 6 महिलाएं और 3 बच्चे बताए गए हैं। सभी मृतक छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे। पुलिस ने मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को घटना की जानकारी दी है। हादसे में घायल अन्य मजदूरों को इलाज के लिए भंडारा के सरकारी मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू किया राहत-बचाव कार्य
हादसे की सूचना मिलते ही लाखनी-साकोली पुलिस और गड़ेगांव हाईवे पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों के कारण हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात बहाल किया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। एक साथ 9 लोगों की मौत से छत्तीसगढ़ और भंडारा में शोक का माहौल है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने व्यक्त किया गहरा दुख
महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के नागरिकों की मौत पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुःख जताया है। उन्होंने दिवंगतों को श्रद्धांजलि देते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि घायलों के उपचार और प्रभावित परिवारों की मदद के लिए छत्तीसगढ़ से अधिकारियों की टीम घटनास्थल भेजी गई है। महाराष्ट्र सरकार और स्थानीय प्रशासन से लगातार समन्वय किया जा रहा है। प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा भी दिलाया गया है।

