कोलकाता, 11 सितंबर। Nandigram By Election 2026: पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम विधानसभा सीट पर उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। आगामी 6 अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) के संभावित उम्मीदवार को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। इस बीच मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के दिवंगत निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की मां हासी रथ का नाम संभावित उम्मीदवार के तौर पर सामने आया है। हालांकि, BJP की ओर से अभी तक हासी रथ के नाम को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
हासी रथ बोलीं- मुख्यमंत्री जो जिम्मेदारी देंगे, स्वीकार करूंगी
उम्मीदवारी को लेकर चल रही चर्चाओं पर हासी रथ ने कहा कि उन्होंने भी टिकट को लेकर चर्चाएं सुनी हैं, लेकिन जब तक पार्टी की ओर से औपचारिक घोषणा नहीं होती, तब तक इस बारे में कुछ कहना जल्दबाजी होगी।
उन्होंने कहा कि BJP एक अनुशासित और संगठित पार्टी है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी उन्हें जो भी जिम्मेदारी देंगे, वह उसे स्वीकार करेंगी और नंदीग्राम के लिए पूरी ताकत से काम करेंगी। हासी रथ के मुताबिक, बेटे चंद्रनाथ रथ की मौत के बाद से शुभेंदु अधिकारी उनके परिवार के अभिभावक की भूमिका निभा रहे हैं।
चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद चर्चा में आया था परिवार
चंद्रनाथ रथ को शुभेंदु अधिकारी का करीबी सहयोगी बताया जाता था। विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के कुछ दिन बाद ही कोलकाता में गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई थी। अब नंदीग्राम उपचुनाव में उनकी मां हासी रथ का नाम संभावित BJP उम्मीदवार के रूप में सामने आने से राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
शुभेंदु अधिकारी ने खाली की नंदीग्राम सीट
नंदीग्राम सीट का राजनीतिक महत्व काफी ज्यादा है। 2021 के विधानसभा चुनाव में शुभेंदु अधिकारी ने तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को नंदीग्राम सीट से हराया था। इसके बाद इस सीट की सियासी अहमियत लगातार बनी रही। 2026 के विधानसभा चुनाव में भी शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम से जीत दर्ज की थी। उनके दो सीटों से जीतने के बाद एक सीट छोड़ने के फैसले के चलते नंदीग्राम में उपचुनाव की स्थिति बनी है।
‘शहीद माता’ फिरोजा बीबी का भी आया जिक्र
इस बीच नंदीग्राम की पुरानी ‘शहीद माता’ फिरोजा बीबी का नाम भी चर्चा में है। उनके बेटे शेख इमदादुल इस्लाम की 2007 में नंदीग्राम आंदोलन के दौरान गोली लगने से मौत हुई थी। इसके बाद फिरोजा बीबी तृणमूल कांग्रेस की राजनीति में सक्रिय हुईं और चार बार विधायक रहीं। हालांकि, बाद में पार्टी के साथ उनकी दूरी बढ़ती गई और 2026 के विधानसभा चुनाव में उन्हें टिकट नहीं मिला। अब फिरोजा बीबी का कहना है कि शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने से नंदीग्राम सुरक्षित हाथों में है।
BJP के आधिकारिक ऐलान का इंतजार
फिलहाल नंदीग्राम उपचुनाव के लिए BJP के उम्मीदवार को लेकर अंतिम तस्वीर साफ नहीं हुई है। हासी रथ का नाम जरूर चर्चा में है, लेकिन पार्टी की ओर से आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। ऐसे में नंदीग्राम में BJP किस चेहरे पर दांव लगाती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।

