रायपुर, 18 मार्च। CAIT Inspection : शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और ट्रांसपोर्ट संचालन को सुगम बनाने के उद्देश्य से व्यापारिक संगठनों ने प्रमुख मार्गों का संयुक्त निरीक्षण किया। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के नेतृत्व में हुए इस निरीक्षण में व्यापारियों ने शाम 5 से 9 बजे तक मालवाहक वाहनों के संभावित प्रतिबंध के प्रभावों का जायजा लिया।
कैट के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी ने बताया कि पुलिस प्रशासन के साथ लगातार संवाद जारी है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला द्वारा व्यापारियों से व्यावहारिक सुझाव मांगे गए हैं, जिसके तहत यह संयुक्त निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान व्यापारिक प्रतिनिधियों ने स्टेशन रोड, तेलघानी नाका, भैंसथान, गुढियारी, अग्रसेन चौक, प्रभात टॉकीज, संजय गांधी चौक और नहरपारा जैसे प्रमुख बाजार एवं ट्रांसपोर्ट क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान ट्रैफिक व्यवस्था, माल बुकिंग, लोडिंग-अनलोडिंग और आवागमन की स्थिति का विस्तृत आकलन किया गया।
निरीक्षण के बाद व्यापारिक संगठनों ने आपसी चर्चा कर सुझाव तैयार किए, जिन्हें जल्द ही प्रशासन को सौंपा जाएगा। व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन और व्यापारिक संगठनों के समन्वय से ऐसा संतुलित समाधान निकलेगा, जिससे ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी और व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित नहीं होंगी। इस दौरान कैट और विभिन्न व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

