रायपुर, 01 मई। Parking Issue Update : शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र तेलीबांधा में लंबे समय से बनी यातायात समस्याओं के समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। व्यापारियों की मांग पर छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के नेतृत्व में प्रशासनिक अधिकारियों ने क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान यातायात पुलिस और नगर निगम की टीम ने जमीनी स्तर पर ट्रैफिक जाम, अव्यवस्थित पार्किंग और अतिक्रमण की समस्याओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने ट्रैफिक सिग्नल की टाइमिंग सुधारने, वन-वे व्यवस्था लागू करने और अवैध पार्किंग पर सख्ती करने जैसे उपायों पर चर्चा की।
तेलीबांधा बनेगा मॉडल ट्रैफिक जोन
चेम्बर अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि तेलीबांधा रायपुर का एक प्रमुख व्यापारिक हब है, जहां बढ़ते ट्रैफिक दबाव का सीधा असर व्यापार पर पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट सुझाव दिया कि सड़कों से अतिक्रमण हटाया जाए, लेफ्ट टर्न खाली रखा जाए और पार्किंग को व्यवस्थित किया जाए, ताकि ग्राहकों को दुकानों तक पहुंचने में परेशानी न हो।
नगर निगम के अधिकारियों ने भी फुटपाथ और ड्रेनेज के पास की बाधाओं को हटाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने की बात कही। प्रशासन और व्यापारिक संगठनों के संयुक्त प्रयास से जल्द ही तेलीबांधा में एक सुव्यवस्थित और मॉडल यातायात व्यवस्था लागू करने की तैयारी है।

