Korba Police Suspension: 55 करोड़ की ठगी के आरोपी को पकड़ने फ्लाइट से गई पुलिस टीम, प्रार्थी से टिकट लेने का आरोप; थाना प्रभारी सहित 8 निलंबित

Korba Police Suspension: 55 करोड़ की ठगी के आरोपी को पकड़ने फ्लाइट से गई पुलिस टीम, प्रार्थी से टिकट लेने का आरोप; थाना प्रभारी सहित 8 निलंबित

कोरबा, 20 अगस्त। Korba Police Suspension: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में 55 करोड़ रुपये की कथित ठगी के मामले में आरोपी की तलाश करने गुरुग्राम पहुंची पुलिस टीम की कार्रवाई अब विभागीय जांच के घेरे में आ गई है। आरोपी को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर ट्रेन के बजाय फ्लाइट से यात्रा करने और हवाई टिकट का खर्च मामले के प्रार्थी से लेने का आरोप लगा है। शिकायत की जांच के बाद कटघोरा थाना प्रभारी समेत 8 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।

बिलासपुर रेंज के IG रामगोपाल गर्ग ने कार्रवाई करते हुए पुलिसकर्मियों के निलंबन के आदेश दिए हैं। वहीं कोरबा SP सिद्धार्थ तिवारी ने भी निलंबन की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले में विभागीय जांच अभी जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

55 करोड़ की ठगी के आरोपी की तलाश में गई थी पुलिस टीम

पूरा मामला कटघोरा थाने में दर्ज कृष्णा जेसीबी कंपनी से संबंधित धोखाधड़ी और चोरी के प्रकरण से जुड़ा है। पुलिस को इस मामले में आरोपी की तलाश थी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की आठ सदस्यीय टीम को हरियाणा के गुरुग्राम भेजा गया था। पुलिस टीम का उद्देश्य आरोपी तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार करना और वापस लाना था। हालांकि, गुरुग्राम जाने के दौरान टीम द्वारा अपनाए गए यात्रा के तरीके और उसके खर्च को लेकर बाद में सवाल खड़े हो गए।

ट्रेन की जगह फ्लाइट से गई पुलिस टीम

शिकायत में आरोप लगाया गया कि पुलिस टीम ने नियमानुसार रेल मार्ग से यात्रा करने के बजाय फ्लाइट से गुरुग्राम का सफर किया। मामला उस समय गंभीर हो गया, जब यह आरोप सामने आया कि पुलिसकर्मियों के हवाई टिकट का भुगतान सरकारी मद से करने के बजाय मामले के प्रार्थी से कराया गया।

प्रार्थी ने इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस विभाग ने मामले की जांच शुरू की और यात्रा से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की। विभागीय जांच के दौरान पुलिस टीम की यात्रा, हवाई टिकट और उससे जुड़े खर्चों के दस्तावेजों की जांच की गई। जांच में वित्तीय अनियमितता, निर्धारित प्रक्रिया की अनदेखी और पद के दुरुपयोग से जुड़े आरोप सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने कार्रवाई की। बिलासपुर रेंज IG रामगोपाल गर्ग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए टीम में शामिल आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।

कटघोरा थाना प्रभारी समेत 8 पुलिसकर्मी निलंबित

निलंबित पुलिसकर्मियों में कटघोरा के तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक मोती पटेल शामिल हैं। इसके अलावा- उप निरीक्षक राम पाण्डेय, प्रधान आरक्षक गुनाराम सिन्हा (381),,प्रधान आरक्षक गोपाल यादव (392),,प्रधान आरक्षक राजेश कंवर (35), आरक्षक प्रदीप राठौर (747),साइबर सेल आरक्षक सुशील यादव (41), रक्षित केंद्र कोरबा के आरक्षक प्रशांत सिंह (08) को निलंबित किया गया है।

विभागीय जांच अभी जारी

कोरबा SP सिद्धार्थ तिवारी ने निलंबन की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले में विभागीय जांच अभी जारी है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यानी फिलहाल आठ पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई हो चुकी है, लेकिन मामले की विभागीय जांच अभी पूरी नहीं हुई है।

पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का दूसरे राज्य में जाना जांच प्रक्रिया का हिस्सा है, लेकिन इस मामले में यात्रा के नियम और खर्च की व्यवस्था को लेकर शिकायत ने पुलिस विभाग के सामने सवाल खड़े कर दिए हैं। खास तौर पर प्रार्थी से हवाई टिकट का खर्च लिए जाने के आरोप ने मामले को गंभीर बना दिया है। जांच के बाद थाना प्रभारी समेत आठ पुलिसकर्मियों के निलंबन से यह मामला अब जिले में चर्चा का विषय बन गया है।

About The Author

छत्तीसगढ ब्रेकिंग न्यूज़