अंबिकापुर/उदयपुर, 18 नवंबर। Kabra Elephant: छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग से बड़ी खबर है। 19 लोगों की जान ले चुके उत्पाती ‘कबरा’ हाथी को वन विभाग की टीम ने आखिरकार पकड़ लिया है। पिछले 6 दिनों से चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन में प्रशिक्षित कुमकी हाथियों तीरथराम और दुर्योधन ने अहम भूमिका निभाई। हाथी के पकड़े जाने से वन विभाग ने राहत की सांस ली है। वहीं, आसपास के गांवों के लोगों को भी दहशत से राहत मिलने की उम्मीद है।
6 दिनों से चल रहा था कबरा हाथी को पकड़ने का अभियान
कबरा हाथी को पकड़ने के लिए उदयपुर वन परिक्षेत्र के चकेरी, तेंदुटिकरा और आसपास के जंगलों में लगातार अभियान चलाया जा रहा था। वन विभाग की टीम उसकी लोकेशन ट्रेस कर ट्रैंकुलाइज करने की कोशिश में जुटी थी। इस दौरान जंगल में हाथियों के दो अलग-अलग दल दिखाई दिए थे। एक दल में पांच और दूसरे में 13 हाथी शामिल थे। हालांकि, शुरुआत में पांच हाथियों वाले दल में कबरा हाथी नजर नहीं आया था। सोमवार को भी विशेषज्ञों की टीम ने करीब दो घंटे तक जंगल में उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद अभियान जारी रखा गया और आखिरकार वन विभाग को कामयाबी मिली।
तीरथराम और दुर्योधन ने निभाई अहम भूमिका
कबरा हाथी को पकड़ने के लिए प्रशिक्षित कुमकी हाथियों तीरथराम और दुर्योधन की मदद ली गई। इनके साथ वन्यजीव विशेषज्ञों और पशु चिकित्सकों की टीम भी तैनात थी। हाथी की लोकेशन का पता लगाने और उसे सुरक्षित तरीके से ट्रैंकुलाइज करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।
हाथियों के डर से बंद करने पड़े थे स्कूल
कबरा हाथी और अन्य हाथियों की लगातार मौजूदगी से उदयपुर वन परिक्षेत्र के आसपास के गांवों में दहशत का माहौल था। ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए सरमा, बासेन, चकेरी सहित आसपास के गांवों के स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई थी। सोमवार को करीब 20 स्कूल बंद रखे गए थे। इससे बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हुई थी।
अब स्वास्थ्य जांच और आगे की व्यवस्था
कबरा हाथी के पकड़े जाने के बाद वन विभाग की ओर से उसके स्वास्थ्य की जांच और आगे की व्यवस्था की जाएगी। 19 लोगों की जान ले चुके इस हाथी के पकड़े जाने से क्षेत्र में लंबे समय से बनी दहशत कम होने की उम्मीद है।

