कोरबा, 15 नवंबर। Korba Road Accident: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रविवार तड़के भीषण सड़क हादसे में दो यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह यात्री घायल हो गए। हादसा कटघोरा थाना क्षेत्र के तानाखार में अनूप ढाबा के पास सुबह करीब 3 बजे हुआ। रायपुर से अंबिकापुर जा रही रॉयल ट्रेवल्स की यात्री बस सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
बस और ट्रेलर की टक्कर से मची चीख-पुकार
जानकारी के मुताबिक, रॉयल ट्रेवल्स की बस यात्रियों को लेकर रायपुर से अंबिकापुर जा रही थी। तानाखार स्थित अनूप ढाबा के पास सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से बस की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों और ढाबा संचालक ने तत्काल पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी।
दो यात्रियों की मौत, छह घायल
हादसे में दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है। वहीं पांच अन्य घायलों का इलाज कटघोरा में जारी है। मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है।
पुलिस ने क्रेन से हटवाई क्षतिग्रस्त बस
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटवाया। मर्ग कायम कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
नींद की झपकी या ट्रेलर बना हादसे की वजह?
प्रारंभिक जांच में बस चालक की लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। इसके अलावा चालक को नींद की झपकी आने और सड़क किनारे बिना पर्याप्त संकेतक के खड़े ट्रेलर को भी हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही होगी।
हाईवे पर खड़े भारी वाहनों की सुरक्षा पर सवाल
इस दर्दनाक हादसे ने नेशनल हाईवे पर खड़े भारी वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रात के समय सड़क किनारे खड़े ट्रकों और ट्रेलरों में रेडियम रिफ्लेक्टर, पार्किंग लाइट और चेतावनी संकेतक नहीं होने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। कटघोरा पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।

