Patwari Suspended: छत्तीसगढ़ में पटवारी हड़ताल पर सरकार का बड़ा एक्शन! बस्तर के 99 पटवारियों की सेवा में ब्रेक, 17 निलंबित; मचा हड़कंप; अन्य तहसीलों में भी सख्ती

Patwari Suspended: छत्तीसगढ़ में पटवारी हड़ताल पर सरकार का बड़ा एक्शन! बस्तर के 99 पटवारियों की सेवा में ब्रेक, 17 निलंबित; मचा हड़कंप; अन्य तहसीलों में भी सख्ती

जगदलपुर/रायपुर, 12 नवंबर। Patwari Suspended: छत्तीसगढ़ में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। बस्तर जिले में हड़ताल पर गए पटवारियों के विरुद्ध बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। जिला प्रशासन ने 99 पटवारियों की हड़ताल अवधि को ब्रेक इन सर्विस (सेवा में व्यवधान) घोषित कर दिया है, जबकि 17 पटवारियों को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई 13 अक्टूबर से जारी हड़ताल के बाद की गई है।

136 पटवारी हड़ताल पर, 44 कर्मचारी कर रहे काम

जिला प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक, बस्तर जिले की 10 तहसीलों में कुल 180 पटवारी पदस्थ हैं। इनमें 30 प्रशिक्षु पटवारी भी शामिल हैं। इनमें से 136 पटवारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए थे, जबकि 44 पटवारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। प्रशासन ने हड़ताल पर गए सभी 136 पटवारियों को पहले कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इसके बावजूद काम पर वापस नहीं लौटने पर अब उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है।

जगदलपुर और बस्तर तहसील में सबसे ज्यादा कार्रवाई

तहसीलवार आंकड़ों के अनुसार, जगदलपुर तहसील में 26 पदस्थ पटवारियों में से 25 हड़ताल पर थे। इनमें 23 की हड़ताल अवधि को ब्रेक इन सर्विस घोषित किया गया है, जबकि दो को निलंबित किया गया है। यहां केवल एक पटवारी काम कर रहा है। वहीं, बस्तर तहसील में पदस्थ सभी 16 पटवारी हड़ताल पर चले गए थे। प्रशासन ने इन सभी की हड़ताल अवधि को ब्रेक इन सर्विस घोषित किया है। इसके अलावा दो पटवारियों को निलंबित भी किया गया है।

भानपुरी और बकावंड में भी हुई कार्रवाई

भानपुरी तहसील में पदस्थ 21 पटवारियों में से 14 हड़ताल पर थे। इनमें 14 के खिलाफ ब्रेक इन सर्विस और दो के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। वहीं, बकावंड तहसील में 21 में से 14 पटवारी हड़ताल पर थे। इनमें 13 की सेवा अवधि में व्यवधान दर्ज किया गया और एक को निलंबित किया गया है।

अन्य तहसीलों में भी प्रशासन ने दिखाई सख्ती

जिले की दूसरी तहसीलों में भी हड़ताल पर गए पटवारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

  • लोहंडीगुड़ा: 22 में से 11 पटवारी हड़ताल पर थे। सभी 11 पर ब्रेक इन सर्विस की कार्रवाई हुई, जबकि दो निलंबित किए गए।
  • करपावंड: 12 में से 10 पटवारी हड़ताल पर थे। सभी 10 की हड़ताल अवधि को ब्रेक इन सर्विस घोषित किया गया और एक को निलंबित किया गया।
  • नानगुर: 10 में से 8 पटवारी हड़ताल पर थे। सात पर ब्रेक इन सर्विस और दो पर निलंबन की कार्रवाई हुई।
  • तोकापाल: 18 में से 16 पटवारी हड़ताल पर थे। दो पर ब्रेक इन सर्विस और दो को निलंबित किया गया।
  • बास्तानार: 16 में से 9 पटवारी हड़ताल पर थे। दो पर ब्रेक इन सर्विस और दो पर निलंबन की कार्रवाई हुई।
  • दरभा: 18 में से 13 पटवारी हड़ताल पर थे। एक पर ब्रेक इन सर्विस और एक को निलंबित किया गया।

पटवारियों की हड़ताल पर प्रशासन का कड़ा रुख

बस्तर जिला प्रशासन की इस कार्रवाई को हड़ताल के कारण प्रभावित हो रहे राजस्व कार्यों के बीच महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। 99 पटवारियों की सेवा में व्यवधान और 17 के निलंबन से जिले के पटवारी संवर्ग में हलचल है। अब देखना होगा कि इस कार्रवाई के बाद हड़ताल को लेकर आगे क्या स्थिति बनती है।

About The Author

Raipur ब्रेकिंग न्यूज़