रायपुर, 12 नवंबर। Mahadev Betting App Case: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर की 8 दिन की CBI कस्टोडियल रिमांड पूरी होने के बाद गुरुवार को उसे कड़ी सुरक्षा के बीच रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया गया। खास बात यह रही कि CBI ने अब आगे की कस्टोडियल रिमांड की मांग नहीं की, बल्कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने का अनुरोध किया है। वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी मामले में एंट्री करते हुए सौरभ के खिलाफ जारी गैर-जमानती वारंट (NBW) को तामील कराने के लिए अदालत में आवेदन दिया है।
ED की भी कोर्ट में दलील
सौरभ चंद्राकर की पेशी के दौरान CBI और ED दोनों एजेंसियों के अधिकारी मौजूद रहे। अदालत में दोनों पक्षों की ओर से दलीलें रखी गईं। ED की तरफ से अधिवक्ता सौरभ पांडे ने पक्ष रखा, जबकि बचाव पक्ष की ओर से तुषार गिरी ने पैरवी की। दोनों पक्षों की बहस पूरी हो चुकी है। इस बीच मामले की जांच में चार अधिकारियों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया गया है। इससे जांच का दायरा और बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।
13 FIR की जांच कर रही है CBI
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप से जुड़े मामले में छत्तीसगढ़ सरकार ने कुल 13 FIR की जांच CBI को सौंपी थी। एजेंसी इन मामलों की पड़ताल कर रही है। इनमें से दो मामलों में चार्जशीट भी दाखिल की जा चुकी है। वहीं, ED इस पूरे नेटवर्क की मनी लॉन्ड्रिंग के पहलू से जांच कर रही है। एजेंसी सौरभ चंद्राकर के खिलाफ पहले ही अभियोजन शिकायत दाखिल कर चुकी है। अब CBI की रिमांड खत्म होने और ED की ओर से गैर-जमानती वारंट को लेकर की गई कार्रवाई के बाद इस हाईप्रोफाइल मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पर नजरें टिकी हैं।

