Gold Jewellery Recovery : जगदलपुर में ज्वेलरी दुकान से लाखों के सोने की चोरी का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार, जंगल में ड्रोन और थर्मल कैमरे से तलाश

Gold Jewellery Recovery : जगदलपुर में ज्वेलरी दुकान से लाखों के सोने की चोरी का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार, जंगल में ड्रोन और थर्मल कैमरे से तलाश

जगदलपुर, 12 नवंबर। Gold Jewellery Recovery : छत्तीसगढ़ के जगदलपुर स्थित संजय मार्केट के मोती ज्वेलर्स में हुई सोने के आभूषणों की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग लड़की को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 765.7 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं। वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो, ऑटो और बाइक भी जब्त की गई हैं। खास बात यह रही कि चोरी के बाद जंगल में छिपे आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने ड्रोन और थर्मल कैमरों की मदद ली।

त्योहार की भीड़ में महिलाओं और बच्चों ने दिया वारदात को अंजाम

पुलिस के मुताबिक, 7 नवंबर को शाम करीब 4:30 बजे संजय मार्केट स्थित मोती ज्वेलर्स में त्योहार के कारण ग्राहकों की भीड़ थी। इसी दौरान महिलाओं और बच्चों का एक समूह दुकान पहुंचा। महिलाओं ने आभूषण देखने के बहाने दुकानदार को बातचीत में उलझाए रखा। इसी बीच एक महिला ने दराज में रखा सोने के आभूषणों से भरा प्लास्टिक का बॉक्स निकालकर एक नाबालिग लड़की को दे दिया। इसके बाद पूरा समूह दुकान से निकल गया। शाम करीब 7:30 बजे दुकानदार को बॉक्स गायब होने की जानकारी हुई। सीसीटीवी फुटेज देखने पर चोरी की पूरी गतिविधि सामने आई, जिसके बाद कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया।

स्कॉर्पियो के सुराग से पुलिस पहुंची आरोपियों तक

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तस्वीरों, साइबर सेल और मुखबिरों की मदद से संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान सफेद रंग की स्कॉर्पियो क्रमांक CG 17 C 3511 की पहचान हुई। वाहन मालिक से पूछताछ में पता चला कि स्कॉर्पियो दुआ मोटर्स में बेची गई थी। आगे की जानकारी में वाहन खरीदने वाले मासों कश्यप निवासी पथरीली उड़वा, कोड़ेनार का नाम सामने आया। इसके बाद सीएसपी अंशिका जैन ने चार विशेष टीमें गठित कीं और पुलिस ने पथरीली उड़वा गांव में दबिश दी।

जंगल में छिपे आरोपियों को ड्रोन और थर्मल कैमरे से खोजा

पुलिस के पहुंचने से पहले ही संदिग्ध चोरी का सामान लेकर जंगल की ओर भाग गए थे। घने जंगल और ऊंची घास के कारण उनकी तलाश करना चुनौतीपूर्ण हो गया। इसके बाद पुलिस ने रात में इलाके की घेराबंदी कर ड्रोन और थर्मल कैमरों की मदद से संदिग्धों के ठिकानों की निगरानी शुरू की। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने पैदल गश्त भी की। इस अभियान के दौरान संदिग्धों को अलग-अलग स्थानों से पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल की और उनकी निशानदेही पर सोने के आभूषण बरामद किए गए।

महिलाओं और बच्चों से चोरी, पुरुषों के जिम्मे था माल खपाना

पुलिस की जांच में गिरोह के काम करने का तरीका भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह के पुरुष सदस्य पहले दुकानों की रेकी करते थे। इसके बाद महिलाओं और बच्चों को समूह में भीड़भाड़ वाली दुकानों में भेजा जाता था। महिलाएं और बच्चे दुकानदार का ध्यान भटकाकर आभूषण चोरी करते थे, जबकि चोरी के सामान को छिपाने और बेचने की जिम्मेदारी पुरुष सदस्यों की होती थी। पुलिस का कहना है कि सभी गिरफ्तार आरोपी एक ही परिवार के हैं।

पांच गिरफ्तार, तीन फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने फूलों कश्यप, मासों कश्यप, पसली माड़वी, शंकर माड़वी और परमेश कश्यप को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 765.7 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो, ऑटो और बाइक जब्त की गई हैं। एक नाबालिग लड़की को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया गया है। वहीं, गिरोह के तीन अन्य आरोपी मासो कश्यप, बूदरू कश्यप और चिंटू मंडावी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।

About The Author

जुर्म