RBI New Rules: अब बिना बैंक अकाउंट के भी भेजें ₹50 हजार; जानिए RBI के नए नियम और कैश निकालने की लिमिट

RBI New Rules: अब बिना बैंक अकाउंट के भी भेजें ₹50 हजार; जानिए RBI के नए नियम और कैश निकालने की लिमिट

नई दिल्ली, 12 नवंबर। RBI New Rules: अगर आपका किसी बैंक में खाता नहीं है, तब भी आप बैंक की शाखा में जाकर दूसरे व्यक्ति के खाते में 50 हजार रुपये तक ट्रांसफर कर सकते हैं। इसके लिए खुद का बैंक अकाउंट होना अनिवार्य नहीं है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने घरेलू मनी ट्रांसफर (Domestic Money Transfer-DMT) से जुड़े नियमों को एकीकृत करते हुए नई गाइडलाइंस जारी की हैं। इनका उद्देश्य बैंकिंग सुविधाओं को अधिक सुलभ बनाने के साथ डिजिटल और नकद लेन-देन को सुरक्षित करना है।

नई व्यवस्था के तहत बिना बैंक खाते वाले व्यक्ति को भी बैंक शाखा से NEFT के माध्यम से दूसरे के खाते में पैसे भेजने की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा कैश पे-आउट यानी नकद भुगतान के लिए भी ट्रांजैक्शन और मासिक सीमा निर्धारित की गई है। आइए जानते हैं RBI के नए नियमों से आम लोगों को क्या सुविधाएं मिलेंगी और किन बातों का ध्यान रखना जरूरी होगा।

बिना बैंक खाते के भी भेज सकेंगे ₹50,000

RBI की नई व्यवस्था के मुताबिक, बैंक शाखा में पहुंचकर कोई भी व्यक्ति NEFT के जरिए दूसरे व्यक्ति के बैंक खाते में एक बार में अधिकतम 50,000 रुपये भेज सकता है। इसके लिए पैसे भेजने वाले का संबंधित बैंक में खाता होना जरूरी नहीं होगा। यानी अगर आपके पास बैंक अकाउंट नहीं है, तब भी आप नकद राशि जमा कराकर अपने रिश्तेदार, परिचित या किसी अन्य व्यक्ति के बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर कर सकेंगे।

कैश निकालने और भुगतान की भी तय हुई सीमा

RBI ने कैश पे-आउट की सुविधा के लिए भी अलग-अलग सीमाएं निर्धारित की हैं। इसके तहत बैंक अपने खाताधारक के खाते से ऐसे व्यक्ति को नकद भुगतान कर सकते हैं, जिसका उस बैंक में खाता नहीं है। इस सुविधा के अंतर्गत एक ट्रांजैक्शन में अधिकतम 10,000 रुपये नकद दिए जा सकेंगे। वहीं, एक लाभार्थी को महीनेभर में अधिकतम 25,000 रुपये तक नकद भुगतान की अनुमति होगी। लाभार्थी यह रकम ATM, बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट (BC) यानी बैंक के अधिकृत प्रतिनिधि या अन्य अधिकृत भुगतान माध्यमों से प्राप्त कर सकेगा।

पैसे भेजने से पहले कराना होगा रजिस्ट्रेशन

नई गाइडलाइंस के तहत कैश जमा कराकर पैसे भेजने की सुविधा लेने वाले ग्राहकों का रेमिटिंग बैंक और बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट को रजिस्ट्रेशन करना होगा। यह प्रक्रिया RBI के KYC निर्देश, 2025 के अनुसार पूरी की जाएगी। इसके लिए ग्राहक का सत्यापित मोबाइल नंबर और स्वयं प्रमाणित आधिकारिक वैध दस्तावेज (OVD) देना जरूरी होगा। इससे पैसे भेजने वाले व्यक्ति की पहचान सुनिश्चित की जा सकेगी।

हर ट्रांजैक्शन पर होगी अतिरिक्त सुरक्षा जांच

मनी ट्रांसफर में धोखाधड़ी और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए RBI ने अतिरिक्त सुरक्षा उपाय भी अनिवार्य किए हैं। इसके तहत प्रत्येक लेन-देन में एडिशनल फैक्टर ऑफ ऑथेंटिकेशन (AFA) के जरिए पहचान की अतिरिक्त पुष्टि करनी होगी। बैंकों और गैर-बैंकिंग पेमेंट ऑपरेटरों को वेलोसिटी चेक सिस्टम भी लागू करना होगा। इसके जरिए कम समय में बार-बार होने वाले लेन-देन की निगरानी की जा सकेगी।

खाते में पैसे जमा होते ही मिलेगा अलर्ट

नई व्यवस्था के तहत बैंक को खाते में रकम जमा होने पर ग्राहक को अलर्ट भेजना होगा। यदि किसी खाते या खातों के समूह में अचानक असामान्य रूप से बड़ी रकम जमा होती है, तो बैंक को इसकी जांच करनी होगी। संदिग्ध लेन-देन सामने आने पर संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी देना भी जरूरी होगा। इस तरह RBI की नई गाइडलाइंस का उद्देश्य बैंकिंग सुविधाओं को आसान बनाने के साथ मनी ट्रांसफर में पारदर्शिता और सुरक्षा बढ़ाना है।

About The Author

व्यापार