डिंडौरी, 12 नवंबर। Explosion of Bombs: मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां कथित तौर पर मिठाई बताकर एक युवक को सुअर मारने वाला विस्फोटक बम दे दिया गया। युवक ने जैसे ही उसे रसगुल्ला समझकर मुंह में डाला और चबाया, जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना भयानक था कि युवक का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
रसगुल्ला बताकर दिया विस्फोटक, चबाते ही हुआ धमाका
मिली जानकारी के अनुसार, घटना डिंडौरी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पड़रिया छांटा गांव की है। मृतक की पहचान 35 वर्षीय राजेन्द्र बरौतिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार देर शाम राजेन्द्र परिवार के साथ भोजन करने के बाद घर के आंगन में आग ताप रहा था। इसी दौरान गांव का रहने वाला रामभगत बरौतिया वहां पहुंचा और उसके पास बैठ गया। आरोप है कि रामभगत ने अपने पास रखा सुअर मारने वाला विस्फोटक बम राजेन्द्र को रसगुल्ला बताकर खाने के लिए दे दिया। राजेन्द्र ने उस पर भरोसा करते हुए जैसे ही उसे मुंह में रखकर चबाया, अचानक तेज धमाका हो गया।
धमाके से चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त, अस्पताल में तोड़ा दम
विस्फोट की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। वहां राजेन्द्र खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। परिजन आनन-फानन में उसे ऑटो से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया। हालांकि, चेहरे और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोटें आने के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। बुधवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
आरोपी के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी रामभगत बरौतिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 और विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
कहां से आया खतरनाक विस्फोटक? पुलिस जुटी जांच में
इस घटना के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोपी के पास प्रतिबंधित सुअर मार बम कहां से आया? क्या इस घटना के पीछे कोई पुरानी रंजिश थी या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है? पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, विस्तृत जांच के बाद ही घटना की असली वजह सामने आ सकेगी।

