बीजापुर, 13 नवंबर। Naxalite Dump Recovered: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में माओवादियों के खिलाफ सुरक्षाबलों ने बड़ी कार्रवाई की है। जिले के पामेड़ और गंगालूर इलाके में चलाए गए सघन तलाशी अभियान के दौरान माओवादियों के तीन गुप्त ठिकानों का पता चला। सुरक्षाबलों ने इन डंप से 136 बीजीएल सेल, 1400 फीट कार्डेक्स वायर समेत विस्फोटक बनाने और अन्य गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाली बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त की है।
जंगलों में छिपाकर रखा था विस्फोटकों का जखीरा
पामेड़ थाना क्षेत्र के तुमरेल और सिंगमपल्ली के जंगलों में खुफिया इनपुट मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने संयुक्त अभियान शुरू किया। इस ऑपरेशन में डीआरजी, डॉग स्क्वाड (K-9) और 208 कोबरा बटालियन के जवान शामिल थे। जंगलों में सर्चिंग के दौरान डॉग स्क्वाड की मदद से संदिग्ध ठिकानों की पहचान की गई। तलाशी लेने पर माओवादियों द्वारा छिपाकर रखी गई सामग्री मिली। यहां से 103 बीजीएल सेल समेत अन्य माओवादी सामान बरामद किया गया।
गंगालूर में मिले माओवादियों के दो गुप्त डंप
इसी तरह गंगालूर थाना क्षेत्र के एफओबी कुप्पागुड़ा अंतर्गत लेकामपारा के जंगलों में भी सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभाला। यहां सीआरपीएफ की 199वीं बटालियन, कोबरा की 204वीं बटालियन और K-9 डॉग स्क्वाड वेस्पा की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया। अभियान के दौरान दो अलग-अलग डंप का पता चला। इनकी तलाशी में 33 बीजीएल सेल, 1400 फीट कार्डेक्स वायर और अन्य माओवादी सामग्री बरामद हुई।
पामेड़ और गंगालूर थाने में कार्रवाई
दोनों क्षेत्रों में मिली सामग्री को सुरक्षाबलों ने जब्त कर लिया है। बरामद विस्फोटक सामग्री और अन्य सामान के संबंध में पामेड़ तथा गंगालूर थानों में अलग-अलग वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को बीजापुर में माओवादी नेटवर्क और उनकी विस्फोटक सामग्री जमा करने की गतिविधियों के खिलाफ सुरक्षाबलों की अहम कामयाबी माना जा रहा है।

