रायपुर, 28 मई। Patrakarita Diwas 2026 : पत्रकारिता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने पत्रकारों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एक अनूठी और सराहनीय पहल की है। चेम्बर द्वारा रामकृष्णा केयर हॉस्पिटल, रायपुर के सहयोग से 1 जून से 15 जून 2026 तक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया जाएगा।

इस अभियान के तहत आज चेम्बर भवन में गरिमामयी कार्यक्रम आयोजित कर पत्रकारों के लिए 700 हेल्थ कूपन हस्तांतरित किए गए। कार्यक्रम में रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी और एडवरटाइजर एजेंसी एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष ओंकार सिंह मुंढार विशेष रूप से मौजूद रहे।
पत्रकारों के स्वास्थ्य को लेकर चेम्बर की संवेदनशील पहल
चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में अतिथियों का पुष्पगुच्छ और शॉल भेंटकर सम्मान किया गया। इस दौरान अष्टविनायक रियल्टीज के पवन लोहाना और रामकृष्णा केयर हॉस्पिटल के अभिषेक भी मौजूद रहे। चेम्बर के महामंत्री अजय भसीन ने कहा कि पत्रकार साथी दिन-रात समाज को जागरूक करने में जुटे रहते हैं और अक्सर अपने स्वास्थ्य की अनदेखी कर देते हैं। ऐसे में यह हेल्थ कैंप 700 पत्रकार साथियों और उनके सहयोगियों के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मुफ्त में होंगी कई जरूरी जांचें
यह स्वास्थ्य शिविर 1 जून से 15 जून 2026 तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक रामकृष्णा केयर हॉस्पिटल, रायपुर में आयोजित किया जाएगा। शिविर में पत्रकारों के लिए निम्न जांचें पूरी तरह निःशुल्क रहेंगी, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, ईसीजी, कम्प्लीट ब्लड काउंट, टीएसएच, लिपिड प्रोफाइल, यूरिक एसिड, सीनियर फिजिशियन परामर्श। चेम्बर ने पत्रकारों से अपील की है कि वे समय रहते अपना अपॉइंटमेंट मोबाइल नंबर 91118 66668 या 95896 23050 पर बुक कराएं।
बड़ी संख्या में पहुंचे व्यापारी और पत्रकार
कार्यक्रम का संचालन चेम्बर सांस्कृतिक प्रभारी एवं समन्वयक अनिल जोतसिंघानी ने किया। इस अवसर पर चेम्बर महामंत्री अजय भसीन, कोषाध्यक्ष निकेश बरड़िया, सलाहकार अमर गिदवानी, जसप्रीत सिंह सलूजा, अमरदास खट्टर, दिलीप इसरानी, जितेंद्र शादीजा, मनीष प्रजापति, राजेश गुरनानी, सुदेश मध्यान, राहुल खूबचंदानी, प्रसून दीक्षित सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और पत्रकार मौजूद रहे।

