रायपुर, 26 अगस्त। CG Teacher Transfer List: छत्तीसगढ़ में शिक्षकों के आपसी स्थानांतरण का इंतजार कर रहे शिक्षकों के लिए बड़ी खबर है। स्कूल शिक्षा विभाग ने आपसी सहमति के आधार पर शिक्षकों के स्थानांतरण को मंजूरी देते हुए आदेश जारी कर दिया है। मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर से 25 अगस्त 2026 को जारी आदेश में प्रदेश के विभिन्न जिलों में पदस्थ शिक्षकों को नवीन पदस्थापना दी गई है।
आदेश के मुताबिक, स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक प्रभावशील रहेगा। सूची में सहायक शिक्षक, शिक्षक, व्याख्याता, व्यायाम शिक्षक, प्रधान पाठक समेत अन्य शैक्षणिक संवर्ग के कर्मचारी शामिल हैं।
आपसी सहमति से बदली गई पदस्थापना
विभाग द्वारा जारी सूची में अधिकांश मामलों में शिक्षकों को आपसी सहमति के आधार पर एक-दूसरे के वर्तमान विद्यालयों में पदस्थ किया गया है। यानी जिन शिक्षकों ने आपसी स्थानांतरण के लिए सहमति दी थी, उन्हें उनके सहमति वाले शिक्षक की वर्तमान पदस्थापना वाले स्कूल में भेजा गया है। स्थानांतरण सूची में प्रदेश के कई जिलों के शिक्षक शामिल हैं। इनमें रायपुर, दुर्ग, कबीरधाम, राजनांदगांव, बालोद, धमतरी, बस्तर, दंतेवाड़ा, जशपुर, सूरजपुर, कोरबा, बिलासपुर, रायगढ़, कांकेर, बलरामपुर-रामानुजगंज और महासमुंद समेत अन्य जिले शामिल हैं।
कोरबा के शिक्षकों के लिए भी यह आदेश अहम है, क्योंकि जिले में पदस्थ विभिन्न शैक्षणिक संवर्ग के कर्मचारियों को आपसी सहमति के आधार पर नवीन पदस्थापना दी गई है।
रायपुर में भी हुआ आपसी स्थानांतरण
आदेश में रायपुर जिले के शिक्षकों के आपसी स्थानांतरण के उदाहरण भी शामिल हैं। भनपुरी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में पदस्थ सहायक शिक्षक ई. लक्ष्मण राव और डंगनिया स्थित शासकीय प्राथमिक शाला की सहायक शिक्षिका ममता गुप्ता को आपसी आधार पर एक-दूसरे की पदस्थापना वाले विद्यालय में भेजा गया है। विभागीय आदेश में केवल आपसी स्थानांतरण ही नहीं, बल्कि कुछ मामलों में प्रतिनियुक्ति पर पदस्थापना और प्रतिनियुक्ति से वापसी का भी उल्लेख किया गया है।

