इस्लामाबाद, 26 अगस्त। Islamabad Hospital Fire: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) के गायनेकोलॉजी वार्ड की नर्सरी में भीषण आग लगने से 15 नवजात बच्चों की मौत हो गई। हादसे के समय नर्सरी में कुल 16 नवजात भर्ती थे, जिनमें से केवल एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।
AC कंप्रेसर फटने के बाद भड़की आग
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, आग अस्पताल के MCH वार्ड की तीसरी मंजिल पर स्थित नर्सरी में लगी। रेस्क्यू अधिकारियों के अनुसार, नर्सरी में लगे एयर कंडीशनर का कंप्रेसर फटने के बाद आग लगी और देखते ही देखते पूरे वार्ड में धुआं भर गया। आग इतनी तेजी से फैली कि नवजात बच्चों को समय पर बाहर निकालना मुश्किल हो गया। प्रशासन के अनुसार, मृत बच्चों में से 14 के शव पूरी तरह झुलस गए।
6 दमकल गाड़ियों और 4 एंबुलेंस से रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा। रेस्क्यू ऑपरेशन में 6 दमकल गाड़ियों और 4 एंबुलेंस को लगाया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के बाद दोबारा आग भड़कने की आशंका को देखते हुए घटनास्थल पर कूलिंग ऑपरेशन भी चलाया गया।
अस्पताल में मचा कोहराम
हादसे के बाद अस्पताल और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। नवजात बच्चों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अस्पताल परिसर में मातम का माहौल है।
जांच के लिए कमेटी गठित
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में जांच समिति गठित की है। समिति आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच करेगी। इसके साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि हादसे के समय अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था कैसी थी और कहीं किसी स्तर पर लापरवाही तो नहीं हुई।

