रायपुर, 29 अगस्त। Spa Center Raid: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में स्पा सेंटरों को लेकर पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ी कार्रवाई की है। शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में संचालित 30 स्पा सेंटरों में एक साथ सघन जांच अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई के लिए पुलिस की 15 टीमें गठित की गईं, जिनमें राजपत्रित अधिकारियों समेत 100 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।
जांच के दौरान दो स्पा सेंटरों में आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने की जानकारी सामने आई है। संबंधित स्पा सेंटरों के मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।
15 टीमों ने 30 स्पा सेंटरों में की एक साथ जांच
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने शहर में संचालित विभिन्न स्पा सेंटरों की सघन जांच के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त वेस्ट जोन रॉबिन्सन गुरिया, पुलिस उपायुक्त सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल और पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन में तीनों जोन में की गई। सहायक पुलिस आयुक्त स्नेहिल साहू, नंदिनी ठाकुर और पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्पा सेंटरों की जांच की।
रजिस्टर से लेकर CCTV और कर्मचारियों के दस्तावेज तक की जांच
पुलिस टीमों ने स्पा सेंटरों में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं की जांच की। इनमें शामिल हैं, ग्राहकों के रजिस्टर की जांच। CCTV कैमरों की उपलब्धता।CCTV रिकॉर्डिंग की क्षमता। संचालक, मैनेजर और कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन। कर्मचारियों की आयु संबंधी दस्तावेज। स्टाफ रजिस्टर और अन्य आवश्यक अभिलेख। इसके अलावा पुलिस ने स्पा सेंटरों में किसी प्रकार की प्रतिबंधित या संदिग्ध गतिविधियों की भी जांच की।
लीज, किराया और स्वामित्व के दस्तावेज भी खंगाले
जांच अभियान के दौरान पुलिस ने स्पा सेंटरों के परिसर की व्यवस्था के साथ ही लीज, किराया और स्वामित्व संबंधी दस्तावेजों की भी पड़ताल की। संचालन के लिए आवश्यक अनुमति और अन्य दस्तावेजों की भी जांच की गई।
2 स्पा सेंटरों में मिली आपत्तिजनक वस्तुएं
पुलिस जांच के दौरान दो स्पा सेंटरों में आपत्तिजनक वस्तुएं पाए जाने पर संबंधित मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। इनमें, थाना डीडी नगर क्षेत्र का एलिना स्पा सेंटर और थाना पंडरी क्षेत्र में अंबुजा मॉल स्थित ला थाई स्पा सेंटर शामिल हैं। पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार, दोनों स्पा सेंटरों के मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
रायपुर पुलिस की स्पा सेंटरों पर रहेगी लगातार नजर
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि शहर में संचालित स्पा सेंटरों की लगातार जांच और निगरानी की जा रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालक, मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। 30 स्पा सेंटर, 15 पुलिस टीमें और 100 से ज्यादा अधिकारी-कर्मचारी, रायपुर पुलिस की इस एक्शन कार्रवाई के बाद शहर में संचालित स्पा सेंटरों की गतिविधियों पर निगरानी और सख्त होने की संभावना है।

