रीवा, 04 सितंबर। Rewa Double Murder: मध्यप्रदेश के रीवा जिले में आधी रात हुए दोहरे हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई। बिछिया थाना क्षेत्र में देर रात करीब 1 बजे एक व्यक्ति ने घरेलू विवाद के बीच अपनी पत्नी और बेटी पर लोहे के मूसल से कथित तौर पर हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति रविशंकर मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। मृतकों की पहचान सुनैना मिश्रा और उनकी बेटी खुशी मिश्रा के रूप में हुई है।
पत्नी पर हमला करने के बाद भाई को किया फोन
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, आरोपी ने सबसे पहले अपनी पत्नी पर मूसल से हमला किया। इसके बाद उसने अपने भाई को फोन कर घटना की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि जब उसका भाई तत्काल मौके पर नहीं पहुंच सका, तब आरोपी ने कमरे में मौजूद अपनी बेटी पर भी हमला कर दिया।
आरोपी के भाई के अनुसार, रविशंकर पिछले कुछ समय से जमीन से जुड़े पारिवारिक विवाद को लेकर तनाव में था। उसकी मानसिक स्थिति को लेकर भी परिवार की ओर से सवाल उठाए गए हैं। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह क्या थी, इसका स्पष्ट खुलासा पुलिस जांच और पूछताछ के बाद ही होगा।
छह बेटियों में सबसे छोटी थी खुशी
परिवार के अनुसार, रविशंकर की छह बेटियां हैं। इनमें से तीन बेटियों की शादी भोपाल में हो चुकी है, जबकि एक बेटी मऊगंज के देवतालाब में ब्याही गई है। सबसे छोटी बेटी खुशी रीवा में अपने माता-पिता के साथ रहती थी। घटना की रात वह भी पिता के कथित गुस्से का शिकार हो गई।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही रीवा एसपी डॉ. गुरकरन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे घरेलू विवाद, जमीन विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। वारदात की पूरी वजह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

