सीवान, 23 अक्टूबर। Siwan Blast: बिहार के सीवान जिले के जामो थाना क्षेत्र के अलमापुर गांव में अवैध रूप से पटाखे बनाने के दौरान भीषण विस्फोट हो गया। इस दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी और उनकी बेटी समेत 7 लोगों की मौत होने की खबर है। धमाका इतना शक्तिशाली था कि पूरा मकान मलबे में तब्दील हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
डेढ़ घंटे तक गूंजते रहे धमाके, घनी आबादी में मची दहशत
स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस मकान में कथित तौर पर अवैध पटाखे बनाए जा रहे थे, वह घनी आबादी वाले इलाके में स्थित है। विस्फोट के बाद मकान बुरी तरह ढह गया। लोगों का दावा है कि करीब डेढ़ घंटे तक रुक-रुककर धमाकों की आवाजें आती रहीं। विस्फोट की गूंज दूर-दूर तक सुनाई दी और आसपास के लोग दहशत में आ गए।
पुलिस और प्रशासन मौके पर, राहत-बचाव कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। सदर एसडीओ आशुतोष गुप्ता, महाराजगंज एसडीपीओ अमन कुमार और बड़हरिया, जामो तथा गोरेयाकोठी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल की गाड़ियों की मदद से आग बुझाने और राहत-बचाव कार्य चलाया गया। महाराजगंज एसडीपीओ ने बताया कि आग पर काबू पाने और राहत-बचाव कार्य के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, सीवान के एसपी भारत सोनी के अनुसार, स्थिति नियंत्रित होने के बाद मृतकों की पहचान की जा रही है। आग पूरी तरह बुझने के बाद घटना की विस्तृत जांच की जाएगी। फिलहाल हादसे के कारणों और मृतकों की पूरी पहचान को लेकर जांच जारी है।

