Sudivya Kumar Sonu Death: झारखंड सरकार को बड़ा झटका: CM हेमंत सोरेन के करीबी मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का अचानक निधन; हार्ट अटैक की खबर

Sudivya Kumar Sonu Death: झारखंड सरकार को बड़ा झटका: CM हेमंत सोरेन के करीबी मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का अचानक निधन; हार्ट अटैक की खबर

रांची/गिरिडीह, 06 सितंबर। Sudivya Kumar Sonu Death: झारखंड की राजनीति के लिए रविवार की सुबह बेहद दुखद खबर लेकर आई। गिरिडीह विधानसभा सीट से लगातार दूसरी बार विधायक और झारखंड सरकार में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का अचानक निधन हो गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई है। उनकी पार्थिव देह गिरिडीह के मर्सी अस्पताल में रखी गई है।

सुदिव्य कुमार सोनू गिरिडीह विधानसभा सीट से लगातार दूसरी बार विधायक चुने गए थे। दोनों चुनाव उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के टिकट पर जीते थे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के करीबी नेताओं में उनकी गिनती होती थी।

सरकार में संभाल रहे थे कई अहम विभाग

सुदिव्य कुमार सोनू झारखंड सरकार में नगर विकास जैसे महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इसके अलावा उनके पास युवा, खेल, कला एवं संस्कृति, पर्यटन तथा उच्च एवं तकनीकी शिक्षा जैसे विभाग भी थे। सरकार के कामकाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती थी।उनके अचानक निधन की खबर से झारखंड मुक्ति मोर्चा, राज्य सरकार और उनके समर्थकों में शोक की लहर है।

हेमंत सोरेन ने जताया गहरा दुख

सुदिव्य कुमार सोनू के निधन की खबर के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि देर रात उन्हें अपने बड़े भाई और प्रिय सुदिव्य कुमार सोनू के निधन की दुखद खबर मिली। हेमंत सोरेन ने कहा कि सोनू कुमार का जाना उनके जीवन में ऐसी रिक्तता छोड़ गया है, जिसे शब्दों में व्यक्त करना मुश्किल है। उन्होंने सुदिव्य कुमार सोनू को केवल राजनीतिक साथी नहीं, बल्कि बड़े भाई के समान बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड आंदोलन के दौर से ही सुदिव्य कुमार सोनू दिवंगत शिबू सोरेन के साथ पूरी निष्ठा से खड़े रहे। JMM के समर्पित कार्यकर्ता के तौर पर उन्होंने झारखंड की अस्मिता, अधिकार और स्वाभिमान के लिए अपना जीवन समर्पित किया। हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंडियत के प्रति उनका समर्पण और जुझारू भावना हमेशा याद रखी जाएगी। उन्होंने लिखा कि सोनू भैया का जाना उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है और उनकी कमी हमेशा महसूस होगी।

JMM ने कहा- अपूरणीय क्षति

सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर JMM ने भी शोक जताया। पार्टी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा परिवार उनके असामयिक निधन से स्तब्ध और मर्माहत है। पार्टी ने उन्हें अपना समर्पित साथी बताते हुए कहा कि उनका निधन पार्टी, सरकार और पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। JMM ने उनके संघर्ष, सेवा और योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

पोस्ट के अंत में पार्टी ने लिखा- ‘अंतिम जोहार।’

समर्थकों में शोक की लहर

सुदिव्य कुमार सोनू के निधन की खबर गिरिडीह पहुंचते ही उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। अचानक सामने आई इस खबर पर लोगों को विश्वास करना मुश्किल हो रहा है। झारखंड की राजनीति में सक्रिय और युवा नेताओं में शामिल सुदिव्य कुमार सोनू का राजनीतिक सफर अभी लंबा माना जा रहा था। उनके अचानक निधन से पार्टी और सरकार को बड़ा झटका लगा है।

अंतिम जोहार, सुदिव्य कुमार सोनू।

About The Author

ब्रेकिंग न्यूज़ राजनीति