Guwahati Murder: पत्नी की हत्या कर शव के टुकड़े किए, फ्रिज में मिला सिर; दोनों हाथों की उंगलियां भी काटीं, आरोपी पति ने किया सरेंडर

Guwahati Murder: पत्नी की हत्या कर शव के टुकड़े किए, फ्रिज में मिला सिर; दोनों हाथों की उंगलियां भी काटीं, आरोपी पति ने किया सरेंडर

गुवाहाटी, 07 सितंबर। Guwahati Murder: गुवाहाटी में श्रद्धा वॉल्कर हत्याकांड जैसी एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। हाटीगांव थाना क्षेत्र के एक अपार्टमेंट में 30 वर्षीय पति रामानुज गोस्वामी पर अपनी 25 वर्षीय पत्नी रिया तालुकदार की हत्या करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, महिला के शव को कथित तौर पर टुकड़ों में काटा गया और उसका सिर फ्रिज में छिपाकर रखा गया था। घटना का खुलासा तब हुआ जब स्थानीय लोगों ने फ्लैट से तेज बदबू आने की सूचना पुलिस को दी। पड़ोसियों के मुताबिक, दंपती पिछले दो दिनों से दिखाई नहीं दिए थे और उनके फोन भी बंद थे।

दरवाजा तोड़कर फ्लैट में पहुंची पुलिस

सूचना मिलने के बाद हाटीगांव पुलिस फ्लैट पर पहुंची। दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल होने पर पुलिस को महिला का कटा हुआ शव मिला।पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान 25 वर्षीय रिया तालुकदार के रूप में हुई है। शव सड़ने लगा था और उसका सिर गायब था। घर की तलाशी के दौरान पुलिस को फ्रिज में एक पॉलीथिन बैग के अंदर महिला का सिर मिला। पुलिस ने शव और सिर को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कुछ महीने पहले ही हुई थी शादी

पुलिस के मुताबिक, रामानुज गोस्वामी और रिया तालुकदार की शादी कुछ महीने पहले ही हुई थी। दोनों गुवाहाटी के हाटीगांव इलाके में स्थित एक अपार्टमेंट में रह रहे थे। घटना के बाद आरोपी पति फरार हो गया था। बाद में उसने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

शव को ठिकाने लगाने की थी कथित योजना

पुलिस सूत्रों के हवाले से सामने आई जानकारी के मुताबिक, आरोपी की कथित योजना शव के छोटे-छोटे टुकड़े कर उन्हें आवारा कुत्तों को खिलाने की थी। यह भी बताया गया है कि हत्या के बाद आरोपी ने खाना बनाया और खाया और फिर वहां से फरार हो गया। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

हत्या की वजह अभी साफ नहीं

पुलिस ने अभी तक हत्या के पीछे के मकसद का आधिकारिक खुलासा नहीं किया है। जांच में नशे की लत, एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर और कथित घरेलू हिंसा सहित कई एंगल की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।

पुलिस जांच में सामने आएगा पूरा सच

फिलहाल आरोपी पति पुलिस की गिरफ्त में है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने के साथ हत्या के कारण, शव को ठिकाने लगाने की कथित योजना और किसी संभावित सहयोगी की भूमिका की जांच कर रही है। मामले में हत्या की असली वजह और घटनाक्रम की पूरी तस्वीर पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

About The Author

जुर्म राष्ट्रीय