चट्टोग्राम, 09 सितंबर। Bangladesh Tank Blast: बांग्लादेश के चट्टोग्राम में बुधवार को फील्ड फायरिंग अभ्यास के दौरान एक टैंक में जोरदार विस्फोट हो गया। हादसे में टैंक के अंदर मौजूद दो सैन्य जवानों की मौत हो गई, जबकि सेना का एक अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना चट्टोग्राम के हथाजारी फील्ड फायरिंग रेंज में हुई।
बांग्लादेश के इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस डायरेक्टोरेट (ISPR) के मुताबिक, सैनिक सैन्य अभ्यास के दौरान टैंक से फायरिंग कर रहे थे। इसी दौरान टैंक में अचानक विस्फोट हो गया।
फायरिंग अभ्यास के दौरान हुआ धमाका
हादसे से जुड़े सोशल मीडिया वीडियो में दिखाई दे रहा है कि दो जवान टैंक के ऊपर मौजूद हैं। अचानक टैंक में तेज धमाका होता है और वह धुएं से घिर जाता है। दूसरे वीडियो में हादसे के बाद कई जवान राहत और बचाव कार्य में जुटे दिखाई दे रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे के वक्त टैंक के अंदर मौजूद दो सैनिकों की मौत हो गई। वहीं, एक सैन्य अधिकारी गंभीर रूप से घायल हुआ है।
घायल अधिकारी को ढाका किया गया एयरलिफ्ट
गंभीर रूप से घायल अधिकारी को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर ढाका स्थित कंबाइंड मिलिट्री हॉस्पिटल (CMH) ले जाया जा रहा है।हादसे के बाद सेना ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
चीन में बना Type 59 टैंक हादसे का शिकार
हादसे में शामिल टैंक को चीन में विकसित Type 59 बताया जा रहा है। बांग्लादेश की सेना इस टैंक का इस्तेमाल करती है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि टैंक में विस्फोट किस वजह से हुआ। सेना की ओर से किसी तकनीकी खराबी, गोला-बारूद की समस्या या किसी अन्य कारण की पुष्टि नहीं की गई है। ISPR ने बताया है कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। विस्तृत जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।

