बलौदाबाजार, 26 अक्टूबर। CG Bus Accident: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में सोमवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। अंबिकापुर से रायपुर जा रही रॉयल कंपनी की यात्री बस दरचुरा के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच होने की सूचना है, जबकि 8 से 10 यात्रियों के घायल होने की प्रारंभिक जानकारी सामने आई है। हालांकि, मृतकों की संख्या और पहचान की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
22 यात्रियों से भरी थी बस
जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त बस में करीब 22 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में चीख-पुकार मच गई। प्रारंभिक सूचना के मुताबिक, पहले तीन लोगों की मौत हुई थी। वहीं, दो अन्य घायलों की रायपुर रेफर किए जाने के दौरान मौत होने की जानकारी सामने आई है। मृतकों की पहचान में अतुल कुमार और सुंदर लाल के नाम भी सामने आए हैं।
गैस कटर से निकाले गए बस में फंसे यात्री
दुर्घटना के बाद कुछ यात्री बस में फंस गए थे। उन्हें बाहर निकालने के लिए गैस कटर की मदद ली गई। राहत एवं बचाव दल ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। घायलों का सिमगा और रायपुर के अस्पतालों में उपचार किया जा रहा है।
हादसे के कारणों की जांच का इंतजार
फिलहाल, दुर्घटना के कारणों और मृतकों की संख्या को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।

