Fire at Delhi Factory: फैक्ट्री में आग लगी तो मची चीख-पुकार! खिड़की से नीचे कूदे बच्चे और महिला, 6 घायल; VIDEO वायरल

Fire at Delhi Factory: फैक्ट्री में आग लगी तो मची चीख-पुकार! खिड़की से नीचे कूदे बच्चे और महिला, 6 घायल; VIDEO वायरल

नई दिल्ली 14 सितंबर। Fire at Delhi Factory: दिल्ली के स्वरूप नगर में रविवार को एक गोदाम-कम-फैक्ट्री में आग लगने के बाद अफरा-तफरी मच गई। आग से घबराए बगल की इमारत में रहने वाले महिलाओं और बच्चों सहित 6 लोग नीचे कूदने के कारण घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जूडो ड्रेस और बॉक्सिंग ग्लव्स की फैक्ट्री में लगी आग

पुलिस के मुताबिक, आग जूडो ड्रेस और बॉक्सिंग ग्लव्स बनाने वाली फैक्ट्री के ग्राउंड और पहली मंजिल पर लगी थी। घटना के वक्त फैक्ट्री के अंदर कोई मौजूद नहीं था। आग की सूचना रविवार सुबह करीब 11:05 बजे दिल्ली फायर सर्विसेज को मिली। इसके बाद 15 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया और बाद में आग पर काबू पा लिया।

आग देखकर बगल की इमारत में मची दहशत

फैक्ट्री से सटी इमारत में रहने वाले लोगों के बीच आग लगने के बाद दहशत फैल गई। पुलिस के अनुसार, इसी घबराहट में महिलाओं और बच्चों सहित छह लोग इमारत से नीचे कूद गए, जिससे वे घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के मुताबिक, उनकी हालत खतरे से बाहर है।

खिड़की से कूदते दिखे बच्चे, VIDEO वायरल

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कथित तौर पर एक छोटी खिड़की से बच्चों और एक महिला को नीचे खाली प्लॉट में कूदते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में सबसे पहले दो बच्चे खिड़की से बाहर निकलकर नीचे कूदते दिखाई देते हैं। नीचे मौजूद लोग उन्हें सुरक्षित उतारने के लिए चादरें फैलाते और गद्दे लगाते नजर आ रहे हैं।

इसके बाद एक महिला खिड़की से बाहर आती है और नीचे कूदने की तैयारी करती दिखाई देती है। नीचे मौजूद लोग उसे सुरक्षित उतारने के लिए अतिरिक्त चादर और गद्दे लगाने की कोशिश करते हैं। वीडियो में अफरा-तफरी के बीच लोग एक-दूसरे से चादरें लाने के लिए कहते सुनाई दे रहे हैं। इसी दौरान एक व्यक्ति की आवाज सुनाई देती- अरे और चादर लाओ। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस और दमकल विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।

About The Author

राष्ट्रीय