Riya Talukdar Murder Case: पत्नी की हत्या के आरोपी की हिरासत में मौत! ब्लड टेस्ट के लिए ले जाते समय पहाड़ी से कूद गया

Riya Talukdar Murder Case: पत्नी की हत्या के आरोपी की हिरासत में मौत! ब्लड टेस्ट के लिए ले जाते समय पहाड़ी से कूद गया

गुवाहाटी, 15 सितंबर। Riya Talukdar Murder Case: पत्नी की कथित हत्या के मामले में गिरफ्तार रामानुज गोस्वामी की पुलिस हिरासत में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर की तड़के करीब 3 बजे उसे ब्लड टेस्ट के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (GMCH) ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर नरकासुर पहाड़ियों से छलांग लगा दी।

पुलिस के अनुसार, गोस्वामी ने हिरासत से भागने की कोशिश की और पहाड़ी से नीचे कूद गया। गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उसे गोली नहीं मारी गई थी। घटना के बाद उसका शव बरामद कर आगे की कार्रवाई के लिए GMCH के मुर्दाघर ले जाया गया।

पत्नी की हत्या के मामले में था गिरफ्तार

रामानुज गोस्वामी को गुवाहाटी के बशिष्ठपुर इलाके में अपनी पत्नी रिया तालुकदार की कथित हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस को शुरुआती जांच में आशंका है कि पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद रिया की हत्या की गई। बताया जा रहा है कि गोस्वामी को अपनी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने का शक था। इसी को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, रिया के परिवार की सूचना के बाद अंजलि गृह स्थित फ्लैट की तीसरी मंजिल से उसका शव बरामद किया गया था।

पड़ोसियों ने बताई पति-पत्नी के विवाद की बात

स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते थे। घटना वाले दिन भी फ्लैट से काफी देर तक शोर-शराबे की आवाजें आने की बात सामने आई। पड़ोसियों के मुताबिक, इसके बाद महिला के रोने जैसी आवाज भी सुनाई दी थी। उस दौरान कथित तौर पर गोस्वामी की ही आवाज सुनाई दे रही थी और वह परेशान नजर आ रहा था।

छह महीने पहले हुई थी शादी

रिया तालुकदार और रामानुज गोस्वामी की शादी करीब छह महीने पहले हुई थी। दोनों गुवाहाटी के एक अपार्टमेंट में साथ रह रहे थे। गोस्वामी उबर ड्राइवर के तौर पर काम करता था और मूल रूप से गौरीपुर का रहने वाला बताया गया है। वहीं, रिया नूनमती इलाके की रहने वाली थी और फैंसी बाजार के AC मार्केट स्थित एक बुटीक में काम करती थी। बताया गया है कि रिया के माता-पिता दोनों का निधन हो चुका था और परिवार में उसका एक भाई है।

अब आरोपी की मौत पर भी जांच

पत्नी की हत्या के मामले में गिरफ्तारी के बाद अब खुद गोस्वामी की हिरासत में मौत ने मामले को और गंभीर बना दिया है। पुलिस उसकी मौत की परिस्थितियों की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नरकासुर पहाड़ियों के पास आखिर क्या हुआ और गोस्वामी किन परिस्थितियों में पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश करते हुए नीचे गिरा।

About The Author

जुर्म