Nila Vikhe Patil Sweden Parliament: महाराष्ट्र के BJP मंत्री की भतीजी नीला विखे पाटिल ने स्वीडन में रचा इतिहास, संसद चुनाव जीता; जानिए कौन हैं नीला

Nila Vikhe Patil Sweden Parliament: महाराष्ट्र के BJP मंत्री की भतीजी नीला विखे पाटिल ने स्वीडन में रचा इतिहास, संसद चुनाव जीता; जानिए कौन हैं नीला

स्टॉकहोम, 20 सितम्बर। Nila Vikhe Patil Sweden Parliament: महाराष्ट्र के मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल की भतीजी नीला विखे पाटिल स्वीडन की संसद रिक्सदाग (Riksdag) के लिए निर्वाचित हुई हैं। स्वीडन की संसद की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, नीला ग्रीन पार्टी से हैं और सिटी ऑफ स्टॉकहोम निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगी। रिक्सदाग में कुल 349 सीटें हैं।

नीला का महाराष्ट्र से भी गहरा पारिवारिक जुड़ाव है। वह पूर्व केंद्रीय मंत्री और सहकारिता क्षेत्र से जुड़े नेता बालासाहेब विखे पाटिल की पोती, शिक्षाविद् अशोक विखे पाटिल की बेटी और महाराष्ट्र के मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल की भतीजी हैं। उनका जन्म स्वीडन में हुआ, जबकि बचपन के शुरुआती वर्ष महाराष्ट्र के अहमदनगर में बीते।

दादा से मिली राजनीति की सीख

चुनाव जीतने के बाद नीला ने अपने दादा बालासाहेब विखे पाटिल को याद किया। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, उन्होंने बताया कि जब वह करीब 15 साल की थीं, तब उनके दादा उन्हें राज्य का बजट पढ़ने के लिए देते थे। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके दादा को उन पर गर्व होता। नीला लंबे समय से स्वीडन की राजनीति में सक्रिय रही हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्टीफन लोफवेन के कार्यकाल में प्रधानमंत्री कार्यालय में सलाहकार के तौर पर काम किया। इसके अलावा वह स्टॉकहोम की स्थानीय राजनीति और ग्रीन पार्टी की विभिन्न गतिविधियों से भी जुड़ी रही हैं।

संसद में नीला ने बच्चों के कल्याण और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों पर काम करने की बात कही है। उनके राजनीतिक प्रोफाइल में टिकाऊ भविष्य, जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण जैसे मुद्दों पर जोर दिखाई देता है।

स्वीडन चुनाव में विपक्ष को 176 सीटें

स्वीडन के 2026 संसदीय चुनाव में अंतिम आधिकारिक नतीजों के अनुसार सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी को 99, मॉडरेट पार्टी को 70, स्वीडन डेमोक्रेट्स को 62, लेफ्ट पार्टी को 30, सेंटर पार्टी को 25, क्रिश्चियन डेमोक्रेट्स को 22, ग्रीन पार्टी को 22 और लिबरल पार्टी को 19 सीटें मिली हैं।

चार विपक्षी दलों के समूह को कुल 176 सीटें, जबकि मौजूदा सरकार का समर्थन करने वाले चार दलों को 173 सीटें मिलीं। इसके बाद प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टरसन ने इस्तीफे की घोषणा की। हालांकि, सरकार गठन को लेकर आगे राजनीतिक बातचीत जरूरी है। इस चुनाव के साथ नीला विखे पाटिल का स्वीडन की राष्ट्रीय राजनीति में औपचारिक प्रवेश हुआ है। उनके परिवार की महाराष्ट्र की राजनीति, शिक्षा और सहकारिता से जुड़ी पृष्ठभूमि के कारण उनकी जीत भारत में भी चर्चा का विषय बनी है।

About The Author

राजनीति