रायपुर, 07 अक्टूबर। Women Chamber Meeting: छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के महिला चेम्बर की प्रथम आम सभा 6 अक्टूबर 2026 को न्यू बॉम्बे मार्केट स्थित चेम्बर भवन में उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। कार्यक्रम में महिला सुरक्षा, संरक्षण, आर्थिक आत्मनिर्भरता, व्यापारिक अवसर और महिला उद्यमियों को मजबूत मंच उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू शामिल हुईं। उन्होंने महिला चेम्बर के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आज महिलाएं परिवार के साथ-साथ व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने महिला सुरक्षा, कार्यस्थल पर अनुकूल वातावरण, आत्मनिर्भरता और व्यापारिक चुनौतियों से निपटने को लेकर मार्गदर्शन दिया।

महिला सुरक्षा और आर्थिक प्रगति प्राथमिकता
महिला चेम्बर की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इला गुप्ता ने कहा कि महिला सुरक्षा, संरक्षण और आर्थिक प्रगति संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जब एक महिला कामयाब होती है तो उसका लाभ पूरे समाज और देश को मिलता है। उन्होंने प्रदेशभर से आम सभा में पहुंचीं महिला उद्यमियों, सामाजिक संस्थाओं और विभिन्न संगठनों की प्रतिनिधियों का स्वागत किया।
महिला उद्यमियों को मिलेगा नया मंच
चेम्बर सलाहकार एवं महिला चेम्बर प्रभारी तिलोकचंद बरडिया ने कहा कि महिला चेम्बर का यह प्रयास छत्तीसगढ़ के व्यापारिक परिदृश्य में नए युग की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि चेम्बर महिला उद्यमियों को व्यापारिक, प्रशासनिक और रणनीतिक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि छोटे-बड़े व्यवसाय और स्टार्टअप आगे बढ़ सकें।
‘मेरे सपनों का आंगन’ से ‘पैसा बोलता है’ तक अभियान
आम सभा में महिला चेम्बर की ओर से चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों की जानकारी दी गई। ‘मेरे सपनों का आंगन’ के जरिए महिलाओं के घरेलू व्यावसायिक विचारों को आगे बढ़ाने, ‘वात्सल्य से उदित उदया’ के माध्यम से स्वास्थ्य, सुरक्षा और समाज निर्माण पर काम करने तथा ‘पैसा बोलता है’ अभियान के जरिए वित्तीय साक्षरता और बिजनेस मैनेजमेंट को बढ़ावा देने की जानकारी दी गई। महिला चेम्बर के अनुसार इन अभियानों के माध्यम से गृह उद्योगों और छोटे-मध्यम MSME से जुड़े उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने तथा महिला व्यापारियों के लिए नए अवसर तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रदेशभर की महिला उद्यमियों की भागीदारी
महिला चेम्बर की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इला गुप्ता, प्रदेश महामंत्री मनीषा तारवानी और प्रदेश कोषाध्यक्ष नम्रता अग्रवाल ने संयुक्त रूप से बताया कि आम सभा का उद्देश्य प्रदेशभर की महिला व्यवसायियों को एकजुट करना, उन्हें व्यापारिक सुरक्षा उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी मंच तैयार करना है। कार्यक्रम में रायपुर सहित प्रदेशभर से महिला उद्यमियों, स्टार्टअप संस्थापकों, व्यवसायियों और चेम्बर पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। अंत में डॉ. इला गुप्ता ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, सामाजिक संस्थाओं और आयोजन से जुड़े सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

