Seva Sankalp Abhiyaan के समापन दिवस पर कोण्डागांव जिले के 41 दिव्यांगजनों को मिला सहायक उपकरण

Seva Sankalp Abhiyaan के समापन दिवस पर कोण्डागांव जिले के 41 दिव्यांगजनों को मिला सहायक उपकरण

रायपुर 17 अक्टूबर। Seva Sankalp Abhiyaan : सेवा संकल्प अभियान के अंतिम दिन शनिवार को जिला कार्यालय परिसर में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर विकलांग सहायता समिति जयपुर के द्वारा एनएसई फाउंडेशन सीएसआर से 41 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए। इनमें 15 लोगों का मौके पर मेडिकल सर्टिफिकेट बना कर उपकरण वितरण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विधायक सुश्री लता उसेंडी और कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने दिव्यांगजनों से आत्मीय संवाद किया तथा उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को समझा। उन्होंने कहा कि शासन दिव्यांगजनों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनके जीवन को सुगम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

विधायक सुश्री लता उसेंडी ने संबोधित करते हुए कहा कि दिव्यांगजनों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। शासन द्वारा संवेदनशीलता के साथ दिव्यांगजनों को सामाजिक सुरक्षा और आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने दिव्यांगजनों से अपील की कि वे शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी अन्य जरूरतमंद लोगों तक भी पहुंचाएं। साथ ही उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के लाभों की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों से आयुष्मान कार्ड बनवाकर योजना का लाभ लेने की अपील की।

कोंडागांव कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतिम दिन दिव्यांगजनों को सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। सहायक उपकरणों के माध्यम से दिव्यांगजनों की दैनिक गतिविधियों को सुगम बनाने और उनकी जरूरतों के अनुरूप सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

About The Author

छत्तीसगढ स्वास्थ्य