रायपुर, 01 नवंबर। CM Vishnu Deo Sai Statement: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एसआईआर (SIR), ईवीएम और चुनाव आयोग को लेकर दिल्ली में विपक्ष के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया दी है। मुख्यमंत्री ने विपक्ष की आलोचना करते हुए कहा कि जब पूरा छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस का उत्सव मना रहा है, तब विपक्ष के नेता प्रदेश में जनता के बीच रहने के बजाय दिल्ली में संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं।मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस प्रदेशवासियों के लिए गौरव, स्वाभिमान और उत्सव का अवसर है। यह दिन छत्तीसगढ़ की साझा आकांक्षाओं, संघर्षों और उपलब्धियों का प्रतीक है। ऐसे ऐतिहासिक अवसर पर विपक्ष द्वारा राजनीतिक विरोध और प्रदर्शन को प्राथमिकता देना दुर्भाग्यपूर्ण है।
संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने को लेकर जताई आपत्ति
मुख्यमंत्री ने कहा कि एसआईआर, ईवीएम और चुनाव आयोग जैसे विषयों को लेकर लगातार सवाल खड़े करना और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास का वातावरण बनाना उचित नहीं है। विपक्ष को संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने के बजाय जनता के बीच जाकर अपने कार्यों और नीतियों के आधार पर विश्वास अर्जित करना चाहिए।
‘जनता का निर्णय ही लोकतंत्र में अंतिम’
सीएम साय ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और उसका निर्णय ही अंतिम होता है। यदि जनता किसी राजनीतिक दल को अपना समर्थन नहीं दे रही है, तो इसका समाधान चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने या राजनीतिक हंगामा करने में नहीं है। इसके बजाय जनता की अपेक्षाओं को समझना और उसका विश्वास जीतना जरूरी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव जीतने के लिए जनता का दिल जीतना पड़ता है। उसके सुख-दुःख में सहभागी बनना और विकास एवं कल्याण के लिए समर्पित भाव से काम करना जरूरी है। लोकतंत्र में जनविश्वास का कोई विकल्प नहीं है।

