Florida Plane Crash : अमेरिका के फ्लोरिडा में भीषण विमान हादसा, सड़क पर गिरते ही आग के गोले में बदला जेट प्लेन 9 लोगों की मौत

Florida Plane Crash : अमेरिका के फ्लोरिडा में भीषण विमान हादसा, सड़क पर गिरते ही आग के गोले में बदला जेट प्लेन 9 लोगों की मौत

नई दिल्ली, 2 नवंबर 2026। Florida Plane Crash : अमेरिका के फ्लोरिडा में एक भीषण जेट विमान हादसे में विमान में सवार सभी 9 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि विमान आसमान से तेजी से नीचे आया और एक व्यस्त सड़क के पास जमीन से टकरा गया। टक्कर के तुरंत बाद विमान में आग लग गई और जोरदार धमाका हुआ। हादसे का वीडियो सामने आया है, जिसमें विमान को तेजी से नीचे गिरते और जमीन से टकराते ही आग की लपटों में घिरते देखा जा सकता है।

मिसाइल की तरह जमीन पर गिरा विमान

हादसा दक्षिण फ्लोरिडा के एक इलाके में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों और सड़क पर चल रही कारों में मौजूद लोगों ने विमान के गिरने का वीडियो रिकॉर्ड किया। वीडियो में विमान तेजी से नीचे आता दिखाई देता है। जमीन से टकराते ही आग का बड़ा गोला उठा और आसमान में काले धुएं का गुबार फैल गया। टक्कर के कारण सड़क के किनारे बड़ा गड्ढा बन गया और विमान का मलबा दूर-दूर तक बिखर गया।

गवर्नर रॉन डेसेंटिस ने किया घटनास्थल का दौरा

फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने हादसे की भयावहता का जिक्र करते हुए कहा कि विमान आसमान से किसी मिसाइल की तरह नीचे गिरता दिखाई दिया। विमान घरों से टकराने से बाल-बाल बचा और सड़क के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार सभी नौ लोगों की जान चली गई।

ऑस्टिन से बहामास जा रहा था लियरजेट 60

अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त विमान लियरजेट 60 था, जो टेक्सास के ऑस्टिन से बहामास जा रहा था। विमान में कुल नौ लोग सवार थे। हादसे की जांच के लिए फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) की टीम भेजी जा रही है। यह टीम नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) की जांच में सहयोग करेगी।

खराब मौसम और विमान पर बर्फ जमने की सूचना

एयर ट्रैफिक कंट्रोल की रिकॉर्डिंग और फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, विमान करीब 35 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। इसी दौरान पायलट ने खराब मौसम, विमान पर बर्फ जमने और टर्बुलेंस की जानकारी दी थी। पायलट ने विमान को 2 हजार फीट और ऊपर ले जाने की अनुमति भी मांगी थी। उसने विमान पर हल्की पारदर्शी बर्फ जमने और हल्के टर्बुलेंस की बात कही थी।

पायलट ने भेजा ‘मेडे’ संदेश, फिर हुआ हादसा

रिकॉर्डिंग के मुताबिक, कुछ ही देर बाद विमान तेजी से ऊंचाई खोने लगा। विमान के नीचे गिरने की रफ्तार लगातार बढ़ती गई और उसकी गति निर्धारित डिजाइन सीमा से भी अधिक हो गई। पायलट ने इमरजेंसी संदेश भेजते हुए बताया कि विमान तेजी से नीचे जा रहा है। इसके बाद उसने ‘मेडे, मेडे’ कहकर मदद मांगी। आखिरी रेडियो संदेश में जमीन से टकराने की आशंका भी जताई गई। कुछ ही पलों बाद विमान दाईं ओर मुड़ा और जमीन से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

About The Author

अंतरराष्ट्रीय