Punjab AAP Crisis : चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका, दो विधायकों ने छोड़ी पार्टी, कुंवर विजय प्रताप ने भी दिया इस्तीफा

Punjab AAP Crisis : चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका, दो विधायकों ने छोड़ी पार्टी, कुंवर विजय प्रताप ने भी दिया इस्तीफा

नई दिल्ली, 02 नवंबर 2026। Punjab AAP Crisis : पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। महज दो दिनों के भीतर पार्टी के तीन प्रमुख नेताओं ने अलग होने का फैसला किया है। समाना से विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा और सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने रविवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया, जबकि अमृतसर नॉर्थ से विधायक रहे पूर्व आईपीएस अधिकारी कुंवर विजय प्रताप सिंह ने सोमवार को विधानसभा की सदस्यता छोड़ने की घोषणा की। सोमवार को तीनों नेताओं के बीजेपी में शामिल होने के लिए दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचने की खबर सामने आई।

कुंवर विजय प्रताप सिंह ने विधानसभा स्पीकर को भेजा इस्तीफा

अमृतसर नॉर्थ से विधायक रहे कुंवर विजय प्रताप सिंह ने पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां को अपना इस्तीफा भेजा है। उन्होंने इस्तीफे में 1 नवंबर 2026 से विधानसभा की सदस्यता छोड़ने की बात कही है। पूर्व आईपीएस अधिकारी कुंवर विजय प्रताप सिंह 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे।

भगवंत मान सरकार और पार्टी नेतृत्व के साथ उनके लंबे समय से मतभेद चल रहे थे। वह कई मौकों पर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा चुके थे। पार्टी ने जून 2025 में उन्हें कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में निलंबित कर दिया था।

बेअदबी मामलों की जांच को लेकर उठाए थे सवाल

कुंवर विजय प्रताप सिंह ने 2015 के बरगाड़ी बेअदबी और उससे जुड़े पुलिस फायरिंग मामलों में न्याय मिलने में देरी को लेकर पंजाब सरकार की आलोचना की थी। जनवरी 2023 में जांच से जुड़े मतभेदों के बाद उन्होंने विधानसभा की सरकारी आश्वासन समिति के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।

उन्होंने राज्य में नशे, अपराध, जबरन वसूली और गैंगस्टर गतिविधियों को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए थे। जून 2025 में शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया की गिरफ्तारी और विजिलेंस ब्यूरो की कार्रवाई पर भी उन्होंने आपत्ति जताई थी।

रविवार को चेतन जौड़ामाजरा और हरमीत पठानमाजरा ने छोड़ी पार्टी

इससे पहले रविवार, 1 नवंबर को पटियाला जिले के दो विधायकों ने आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इनमें समाना से विधायक और भगवंत मान सरकार में मंत्री रह चुके चेतन सिंह जौड़ामाजरा तथा सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा शामिल हैं।

दोनों नेताओं के इस्तीफे ऐसे समय आए, जब आम आदमी पार्टी ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। इस सूची में समाना और सनौर सीटों के उम्मीदवारों के नाम शामिल नहीं थे।

बीजेपी मुख्यालय पहुंचे तीनों नेता

सोमवार को चेतन सिंह जौड़ामाजरा, हरमीत सिंह पठानमाजरा और कुंवर विजय प्रताप सिंह के बीजेपी में शामिल होने की प्रक्रिया को लेकर हलचल तेज रही। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, तीनों नेता बीजेपी में शामिल होने के लिए दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचे। यह घटनाक्रम पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी के लिए नई राजनीतिक चुनौती के रूप में देखा जा रहा है।

About The Author

Political