शिक्षा

CBSE : 10वीं में बेसिक गणित की पढ़ाई की है, तब भी 11वीं में पढ़ सकेंगे

नई दिल्ली, 10 अगस्त। CBSE : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने 11वीं में गणित विषय लेने वाले विद्यार्थियों को एक बार फिर बड़ी राहत दी है। ऐसे छात्र जिन्होंने दसवीं में बेसिक गणित की पढ़ाई की है, वह ग्यारहवीं में गणित विषय की पढ़ाई कर सकते हैं। सीबीएसई ने कोविड के दौरान दी गई इस छूट को वर्ष 2022-23 के लिए आगे बढ़ाने का फैसला किया है। 

यह छूट ग्यारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों के वर्तमान बैच की सुविधा के लिऐ विशेष उपाय के रूप में दी जा रही है। कोविड से पहले ग्यारहवीं में गणित विषय लेने क अनुमति केवल उन्हीं विद्यार्थियों को थी जिन्होंने दसवीं में स्टैंडर्ड गणित की पढ़ाई की थी।

सीबीएसई ने 2020-21 और 2021-22 के शैक्षणिक सत्र में भी (CBSE) इस नियम को लेकर छात्रों को छूट दी थी। अब कोविड के कारण चालू सत्र में भी यह छूट दी जा रही है। इस संबंध में बोर्ड ने संबद्ध स्कूल प्रिंसिपल को एक सर्कुलर जारी किया है। 

सर्कुलर के अनुसार चालू सत्र 2022 कोविड से बुरी तरह प्रभावित हुआ है और सत्र में पहले ही देरी हो चुकी है। अब इस सत्र की शेष गतिविधियों को समय पर पूरा करने की आवश्यकता है। ऐसे में इस छूट को एक वर्ष 2022-23 केलिए आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया है।  

इससे पहले दसवीं में जिन्होंने मैथमेटिक्स स्टैंडर्ड की पढ़ाई की है उन्हें ही ग्यारहवीं में गणित पढ़ने को मिलता था। वहीं जिन्होंने दसवीं में बेसिक गणित पढ़ा होता था उन्हें ग्यारहवीं में केवल अप्लायड मैथमेटिक्स लेने की अनुमति थी। 

बोर्ड ने स्कूलों से कहा है कि वह यह देखें कि (CBSE) विद्यार्थियों में ग्यारवीं में गणित की पढ़ाई करने की योग्यता और क्षमता हो। मालूम हो कि दसवीं में छात्रों को बेसिक मैथमेटिक्स व स्टैंडर्ड मैथमेटिक्स में से किसी एक का चयन करना होता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button