राष्ट्रीय

Last Journey of Kalyan Singh: अंतिम सफर पर कल्याण सिंह, पीएम नरेन्द्र मोदी ने दी कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि

लखनऊ, 22 अगस्त। भारतीय राजनीति के पुरोधाओं में से एक स्वर्गीय कल्याण सिंह अब अपने अंतिम सफर पर हैं। भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक कल्याण सिंह का शनिवार को लखनऊ के संजय गांधी पीजीआइ में निधन हो गया। उनकी पार्थिव देह को रात से ही उनके पौत्र और योगी आदित्यनाथ सरकार में मंत्री संदीप सिंह के सरकारी आवास पर रखा गया है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को भाजपा के पुरोधा रहे कल्याण सिंह की पार्थिव देह का अंतिम दर्शन कर उनको श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने पूर्व सीएम स्वर्गीय कल्याण सिंह के परिवार के लोगों से भी भेंट कर शोक संवेदना व्यक्त की। कल्याण सिंह के आवास पर पीएम नरेन्द्र मोदी के साथ इस दौरान उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल तथा भाजपा के राष्ट्रीय जेपी नड्डा भी थे।

jagran josh

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नई दिल्ली से लखनऊ आकर पूर्व मुख्यमंत्री तथा भाजपा के दिग्गज नेता कल्याण सिंह की पार्थिव देह का दर्शन करने उनके आवास पर पहुंचे। पीएम मोदी के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम डा. दिनेश शर्मा, भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह तथा पूर्व राज्यसभा सदस्य कुसुम राय भी थीं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विशेष विमान से लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशल एयरपोर्ट, अमौसी पर उतरे। वहां पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, सीएम योगी आदित्यनाथ, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा तथा भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने उनकी अगवानी की। पीएम नरेन्द्र मोदी के साथ ही उनकी सरकार में गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तथा भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भी लखनऊ आकर उनके अंतिम दर्शन करेंगे।

jagran josh

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री तथा राजस्थान व हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल रहे कल्याण सिंह का अंतिम दर्शन करने मोहन भागवत और राधा मोहन सिंह लखनऊ पहुंच रहे हैं। केंद्र सरकार में दर्जनों मंत्री तथा भाजपा व आरएसएस में संगठन के शीर्ष नेता लखनऊ आकर कल्याण सिंह की पार्थिव देह का दर्शन करेंगे। पीएम मोदी लखनऊ पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वर्गीय कल्याण सिंह की पार्थिव देह के अंतिम दर्शन के लिए आगमन की सूचना पर मंत्री संदीप सिंह के आवास पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को आवास से कुछ दूरी पर ही रोक दिया गया है। अब उनके आवास पर प्रवेश को प्रतिबंधित किया गया है।

jagran josh

इससे पहले तड़के से ही प्रार्थना सभा तथा शांति पाठ का कार्य भी सीएम योगी आदित्यनाथ की देखरेख में चल रहा है। करीब नौ बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने माल एवेन्यू पहुंचे। सीएम योगी आदित्यनाथ शनिवार रात करीब नौ बजे से अभी तक सक्रिय हैं। रात को 11:30 बजे कैबिनेट की बैठक में पूर्व सीएम कल्याण सिंह के निधन पर शोक प्रस्ताव पारित किया गया। कल्याण सिंह की पार्थिव देह को भाजपा उत्तर प्रदेश के कार्यालय के साथ ही विधान भवन में रखा जाएगा। उनकी अंतिम झलक पाने को कल रात से नेताओं का तांता लगा था। रविवार को भी दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देने के लिए लोगों का हूजूम उनके आवास पर उमड़ पड़ा है।

jagran josh

सुबह से अंतिम दर्शन करने के लिए लगा रहा वीआइपी का तांता

पूर्व सीएम कल्याण सिंह की पार्थिव देह का अंतिम दर्शन करने के लिए तड़के से मंत्रियों और वीआइपी का तांता लगा रहा। बसपा प्रमुख मायावती कोरोना वायरस संक्रमण काल में पहली बार किसी सार्वजनिक स्थान पर दिखीं। बाल कल्याण एवं महिला विकास मंत्री स्वाति सिंह, श्रम एवं सेवायोजन मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य, अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी व मालिनी अवस्थी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या, समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही आदि समेत कई दिग्गज नेता पक्ष प्रतिपक्ष पहुंचे।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले, क्षेत्र प्रचारक अनिल कुमार के साथ ही जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष कुंडा से निर्दलीय विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर का दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन के बाद रात 11.30 बजे मंत्रिपरिषद की आपात बैठक मुख्यमंत्री के सरकारी आवास 5 कालिदास मार्ग पर हुई। बैठक में शोक प्रस्ताव पारित किया गया। उससे पहले पीजीआइ पहुंचे योगी आदित्यनाथ ने बताया कि राजकीय शोक की अवधि में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। मुख्यमंत्री ने तीन दिन के राजकीय शोक और 23 अगस्त को एक दिन के सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की। भाजपा ने अपने तीन दिन के सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button