राष्ट्रीय

Minister Umesh Katti : दिल का दौरा पड़ने से मंत्री उमेश कट्टी का निधन, पीएम ने जताया दुख

बेंगलुरु, 7 सितंबर। Minister Umesh Katti : कर्नाटक के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति और वन मंत्री उमेश कट्टी का मंगलवार रात करीब 10 बजे एक निजी अस्पताल में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 61 साल के थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया है। 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “श्री उमेश कट्टी जी एक अनुभवी (Minister Umesh Katti) नेता थे जिन्होंने कर्नाटक के विकास में भरपूर योगदान दिया। उनके निधन से आहत हूं। इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं।” वहीं सीएम बोम्मई ने कहा, “मैंने अपना एक बेहद करीबी दोस्त खो दिया है। वह मेरे लिए भाई की तरह थे। उन्हें दिल की कुछ समस्या थी, लेकिन हमने कभी नहीं सोचा था कि वह इतनी जल्दी हमें छोड़कर चले जाएंगे। उन्होंने राज्य के लिए बहुत काम किया। उन्होंने कई विभागों को कुशलता से संभाला। यह राज्य के लिए बहुत बड़ी क्षति है।”

आठ बार के विधायक

गौरतलब है कि, बेलगावी जिले के हुक्केरी तालुक के बेल्लादबागेवाड़ी में जन्मे कट्टी हुक्केरी विधानसभा क्षेत्र से आठ बार विधायक रह चुके थे। 1985 में अपने पिता विश्वनाथ कट्टी के निधन के बाद उन्होंने राजनीति में प्रवेश किया था। 2008 में भाजपा में शामिल होने से पहले कट्टी जनता पार्टी, जनता दल, जद (यू) और जद (एस) के साथ थे। उन्होंने इससे पहले जे एच पटेल, बीएस येदियुरप्पा, डीवी सदानंद गौड़ा और जगदीश शेट्टार के मंत्रिमंडल में मंत्री के रूप में कार्य किया था। कट्टी उत्तर कर्नाटक क्षेत्र के लिए अलग राज्य के दर्जे की मांग करने वाले अपने बयानों और खुले तौर पर मुख्यमंत्री बनने की अपनी महत्वाकांक्षाओं को व्यक्त करने के लिए चर्चा में थे।

बेलगावी के स्कूल-कॉलेज आज रहेंगे बंद

सीएम बोम्मई ने कहा कि उनके (उमेश कट्टी) शव को अस्पताल से एयर एंबुलेंस से ले जाया जाएगा। संकेश्वर में बुधवार दोपहर दो बजे तक जनता के दर्शन के बाद सभी प्रक्रियाएं की जाएंगी। बेलगावी जिले के बागेवाड़ी में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। बेलगावी में बुधवार को स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा कर दी गई है।

अपने आवास के स्नानगृह में गिर गए थे

सूत्रों के मुताबिक, कट्टी बेंगलुरु में डॉलर्स कॉलोनी स्थित अपने आवास के स्नानगृह में गिर गए थे, जिसके बाद उन्हें एमएस रमैया अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उमेश कट्टी के परिवार में पत्नी, बेटा और बेटी हैं।

सीएम बोम्मई समेत कई नेताओं ने जताया शोक

राज्य के राजस्व मंत्री आर अशोक ने बताया कि चिकित्सकों के अनुसार, जब कट्टी को अस्पताल लाया गया, तब तक उनकी नब्ज रूक गई थी। उन्होंने कट्टी के निधन को भारतीय जनता पार्टी और बेलगावी जिले के लिए बहुत बड़ी क्षति बताया। मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई समेत कई नेताओं ने उनके निधन पर शोक जताया है। सीएम बोम्मई ने ट्वीट किया, “मेरे करीबी सहयोगी कर्नाटक के वन मंत्री उमेश कट्टी के असामयिक निधन से गहरा दुख हुआ। उनके निधन से राज्य ने एक कुशल राजनयिक, सक्रिय नेता और वफादार लोक सेवक खो दिया है।”

सिद्धारमैया ने ट्वीट कर संवेदना जताई 

जल संसाधन मंत्री गोविंद करजोल, स्वास्थ्य मंत्री (Minister Umesh Katti) के सुधाकर और कई भाजपा नेताओं सहित बोम्मई के कई कैबिनेट सहयोगी खबर मिलने पर अस्पताल पहुंचे। विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने ट्वीट किया, “खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री उमेश कट्टी के निधन के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ। शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। उनकी आत्मा को शांति मिले।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button