राष्ट्रीय

Modi Cabinet Reshuffle : सिंधिया, राणे, सोनोवाल समेत कुल 43 नेताओं ने ली शपथ, जानें किन्‍हें बनाया गया कैबिनेट मंत्री, किन्‍हें मिला राज्‍य मंत्री का दर्जा

नई दिल्ली, 7 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अपनी कैबिनेट का विस्‍तार किया। इस मंत्रिमंडल विस्‍तार में कुल 43 नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। इससे पहले कई मंत्रियों ने इस्तीफा भी दिया। सबसे पहले नारायण राणे ने शपथ ली। नारायण राणे, सर्बानंद सोनोवाल के अलावा मध्य प्रदेश से ज्योतिरादित्य सिंधिया और वीरेंद्र कुमार समेत 15 नेताओं ने कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली। बाकी 28 सांसदों को राज्य मंत्री की शपथ दिलाई गई। इनमें यूपी से अनुप्रिया पटेल समेत कई नेता शामिल हैं।

इन्‍हें बनाया गया कैबिनेट मंत्री

मंत्रिमंडल विस्‍तार में भाजपा नेता नारायण राणे, सर्बानंद सोनोवाल, वीरेंद्र कुमार, ज्योतिरादित्य सिंधिया, आरसीपी सिंह, अश्विनी वैष्णव, पशुपति कुमार पारस, किरण रिजिजू, राजकुमार सिंह, हरदीप सिंह पुरी, मनसुख मंडाविया, भूपेंद्र यादव, पुरुषोत्तम रूपाला, जी किशन रेड्डी और अनुराग ठाकुर को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है।

इन्‍हें बनाया गया राज्य मंत्री

पीएम मोदी की नई कैबिनेट में पंकज चौधरी, अनुप्रिया पटेल, सत्यपाल सिंह बघेल, राजीव चंद्रशेखर, शोभा करंदलाजे, भानुप्रताप सिंह वर्मा, दर्शना विक्रम जरदोश, मीनाक्षी लेखी, अन्नपूर्णा देवी, ए नारायण स्वामी, कौशल किशोर, अजय भट्ट, बीएल वर्मा, राजकुमार रंजन सिंह, भारती प्रवीण पवार, बिश्वेश्वर टुडु, शांतनु ठाकुर, अजय कुमार, कपिल मोरेश्वर पाटील, प्रतिमा भूमिक, डॉ. सुभाष सरकार, डॉ. भागवत किशनराव कराड को राज्‍य मंत्री के तौर पर शामिल किया गया है। समाचार एजेंसी एएनआइ के मुता‍बिक 28 नेताओं को राज्‍य मंत्री बनाया गया है।

32 नेता पहली बार बने केंद्रीय मंत्री

प्रधानमंत्री मोदी के दूसरे कार्यकाल के पहले मंत्रिमंडल विस्तार में 32 ऐसे चेहरे हैं जो पहली बार केंद्रीय मंत्री बनाए गए हैं। इन नेताओं में महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे, जदयू अध्यक्ष आरसीपी सिंह, भाजपा के महामंत्री भूपेंद्र यादव और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) पारस गुट के नेता पशुपति कुमार पारस प्रमुख हैं। भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी रहे अश्विनी वैष्णव भी पहली बार मंत्री बनाए गए हैं। वह ओडिशा से राज्यसभा सदस्य हैं।

इन्‍हें भी पहली बार मिला मौका

पहली बार केंद्रीय मंत्री बनाए गए नेताओं में एसपी सिंह बघेल, राजीव चंद्रशेखर, शोभा कारंदलाजे, अजय कुमार, चौहान देवूसिंह, भगवंत खूबा, भारती पवार, पंकज चौधरी, शांतनु ठाकुर, भानू प्रताप सिंह वर्मा, दर्शना जारदोश, मीनाक्षी लेखी, अन्नपूर्णा देवी, कौशल किशोर, बीएल वर्मा, अजय भट्ट, मुंजपारा महेंद्रभाई, एल मुरुगन, निशीत प्रमाणिक, ए नारायणस्वामी, सुभाष सरकार, भागवत कराड, कपिल पाटिल, राजकुमार रंजन सिंह, प्रतिमा भौमिक, बिश्वेसर टुडू और जॉन बारला भी शामिल हैं।

इन नेताओं को दोबारा मिला मौका

नई कैबिनेट में पुराने मंत्रियों के अनुभव का लाभ भी उठाया गया है। इन नेताओं में डॉक्टर वीरेंद्र कुमार, ज्योतिरादित्य सिंधिया, सर्वानंद सोनोवाल, किरेन रिजिजू, आरके सिंह, हरदीप पुरी, मनसुख मनडाविया, पुरुषोत्तम रुपाला, जी किशन रेड्डी, अनुराग सिंह ठाकुर और अनुप्रिया पटेल शामिल हैं। ये ऐसे नेता हैं जो पहले भी केंद्रीय मंत्री के तौर पर दायित्व का निर्वहन कर चुके हैं।

कुल 12 मंत्रियों की छुट्टी

केंद्रीय मंत्रिपरिषद से 12 मंत्रियों की छुट्टी हो गई है। आईटी मंत्री रविशंकर प्रसाद, पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन, शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक समेत मंत्रिपरिषद के 12 सदस्यों ने अपना इस्‍तीफा दिया है। इसके अलावा इस्‍तीफा देने वाले अन्‍य मंत्रियों में डीवी सदानंद गौड़ा, थावरचंद गहलोत, संतोष कुमार गंगवार, बाबुल सुप्रियो, धोत्रे संजय शामराव, रतन लाल कटारिया, प्रताप चंद्र सारंगी और देबाश्री चौधरी शामिल हैं। समाचार एजेंसी एएनआइ के मुताबिक राष्ट्रपति ने इन सभी के इस्‍तीफे को स्‍वीकार कर लिया है। सूत्रों की मानें तो निशंक ने स्वास्थ्य संबंधी कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा दिया है। निशंक अप्रैल में कोविड-19 से संक्रमित हो गए थे।

सांसदों से मिले पीएम मोदी

कैबिनेट फेरबदल और विस्तार से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंत्री पद के संभावित चेहरों के साथ अपने आधिकारिक आवास पर मुलाकात की। बैठक में ज्योतिरादित्य सिंधिया और सर्बानंद सोनोवाल सभी संभावित मंत्री मौजूद थे। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद रहे।

43 चेहरे होंगे शामिल

कैबिनेट विस्तार में 43 चेहरों को शामिल किया जाएगा। जिन नेताओं को मंत्री बनाया जाएगा उनमें नारायण राणे, सर्वानंद सोनोवाल, वीरेंद्र कुमरा, ज्योतिरादित्य सिंधिया, आरसीपी सिंह, अश्विनी वैष्णव, पशुपति कुमार पारस, किरण रिजिजू, राजकुमार सिंह, हरदीप सिंह पुरी, मनसुख मंडाविया, भूपेंद्र यादव, पुरुषोत्तम रूपाला, जी किशन रेड्डी प्रमुख हैं।

इन नेताओं को भी जगह 

मंत्रिमंडल विस्‍तार में अनुराग ठाकुर, पंकज चौधरी, अनुप्रिया पटेल, सत्यपाल सिंह बघेल, राजीव चंद्रशेखर, शोभा करंदलाजे, भानुप्रताप सिंह वर्मा, दर्शना विक्रम जरदोश, मीनाक्षी लेखी, अन्नपूर्णा देवी, ए नारायण स्वामी, कौशल किशोर, अजय भट्ट, बीएल वर्मा, अजय कुमार, देवसिंह चौहान, भगवंत खूबा, कपिल पाटिल भी शामिल हैं।

इन्‍हें भी मिला मौका 

पीएम मोदी की कैबिनेट में प्रतिमा भौमिक, सुभाष सरकार, भगवत कृष्ण राव कराड़, राजकुमार रंजन सिंह, भारती प्रवीण पवार, विश्वेश्वर टुडू, शांतनु ठाकुर, महेंद्र भाई मुंजापारा, जॉन बारला, एल मुरुगन, नीतीश प्रामाणिक को भी शामिल किया गया है।

सहयोगी दलों से इन्‍हें मिलेगी तरजीह

सहयोगी दलों से अपना दल (एस) की अनुप्रिया पटेल और लोक जनशक्ति पार्टी के पारस गुट के पशुपति पारस को भी मंत्री बनाया जाएगा। सूत्रों ने बताया कि‍ प्रधानमंत्री से मिलने वाले सभी नेता, शाम छह बजे राष्ट्रपति भवन के अशोक हॉल में कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में शरीक होंगे।

बाबुल सुप्रियो बोले- मुझसे इस्‍तीफा देने को कहा गया

बाबुल सुप्रियो ने सोशल मीडिया के जरिए अपने इस्‍तीफे की जानकारी दी है। उन्‍होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि वह खुश हैं कि उन पर भ्रष्‍टाचार का एक भी दाग नहीं है।

दूसरी कार्यकाल का पहला विस्‍तार

उल्‍लेखनीय है कि‍ प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी ने मई 2019 में 57 मंत्रियों के साथ अपना दूसरा कार्यकाल शुरू कि‍या था। इसके बाद पीएम मोदी पहली बार केंद्रीय मंत्रिपरिषद में विस्तार करने वाले हैं। मौजूदा मंत्रिपरिषद में कुल 53 मंत्री हैं। नियम के मुताबिक केंद्रीय मंत्रिपरिषद में अधिक से अधिक 81 सदस्‍य हो सकते हैं। माना जा रहा है कि‍ मंत्रिमंडल विस्‍तार में उत्तर प्रदेश और बिहार को बड़ा हिस्सा मिलेगा। यही नहीं ओबीसी मंत्रियों की संख्या 25 तक हो सकती है। सूत्रों का कहना है कि‍ केंद्र सरकार इस विस्‍तार में शिक्षित और युवा सदस्यों देने जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button