Nava Raipur : सड़क हादसे में वन मंत्री केदार कश्यप के भतीजे निखिल कश्यप की मौत…! CM ने जताया शोक

रायपुर, 23 जुलाई। Nava Raipur : राजधानी रायपुर के अटल नगर क्षेत्र में सोमवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप के भतीजे और पूर्व सांसद दिनेश कश्यप के पुत्र निखिल कश्यप की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, निखिल कश्यप देर रात बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे, तभी अटल नगर क्षेत्र में उनकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वह बाइक से गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मंदिर हसौद पुलिस कर रही जांच
हादसे की सूचना मिलते ही मंदिर हसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर यह तेज रफ्तार और नियंत्रण खोने की वजह से हुआ हादसा बताया जा रहा है।
सीएम विष्णुदेव साय ने जताया गहरा दुख
निखिल कश्यप की असामयिक मृत्यु पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा: “वन मंत्री केदार कश्यप के भतीजे एवं पूर्व सांसद दिनेश कश्यप के सुपुत्र, निखिल कश्यप की सड़क दुर्घटना में असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दु:खद एवं पीड़ादायक है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल कश्यप परिवार को इस दु:ख की घड़ी में संबल प्रदान करें। ॐ शांति!”

प्रदेशभर में शोक की लहर
निखिल कश्यप के निधन की खबर फैलते (Nava Raipur) ही पूरे बस्तर और रायपुर संभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। राजनीतिक, सामाजिक और आमजन वर्ग ने शोक संवेदनाएं प्रकट की हैं। कई नेताओं और शुभचिंतकों ने कश्यप परिवार से मिलकर सांत्वना भी व्यक्त की है।