खेल

Ranji Trophy : 41 बार की विजेता मुंबई को हराकर पहली बार चैंपियन बना मध्यप्रदेश

बेंगलुरु, 26 जून। Ranji Trophy : फाइनल मैच में मध्यप्रदेश ने पहली पारी में बढ़त ली थी और यहीं से इस टीम की जीत तय हो गई थी। चौथी पारी में मध्यप्रदेश के सामने 108 रन का लक्ष्य था, जिसे एमपी ने छह विकेट खोकर हासिल कर लिया।

मध्यप्रदेश की टीम ने पहली बार जीता टूर्नामेंट

मध्यप्रदेश की टीम ने फाइनल मैच में मुंबई को हराकर रणजी ट्रॉफी 2021-22 का खिताब (Ranji Trophy) अपने नाम किया। मध्यप्रदेश की टीम ने पहली बार यह टूर्नामेंट जीता है। बेंगुलुरू के एम चिन्नास्वामी में खेले गए फाइनल मैच में मध्यप्रदेश ने मुंबई को छह विकेट से हराया। मुंबई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 374 रन बनाए। इसके जवाब में मध्यप्रदेश ने 536 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। दूसरी पारी में में मुंबई की टीम ने 269 रन बनाए। मध्यप्रदेश के सामने मैच की चौथी पारी में 108 रन का लक्ष्य था। इसे मध्यप्रदेश ने छह विकेट खोकर हासिल कर लिया। इसके साथ ही मध्यप्रदेश रणजी टॉफी जीतने वाली 20वीं टीम बनी।

पूरी टीम को मिलेंगे दो करोड़

रणजी टॉफी जीतने वाली टीम को एमपीसीए की ओर से दो करोड़ रुपये की इनामी राशि का एलान किया गया है। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अभिलाष खांडेकर ने कहा, ”टीम की ऐतिहासिक जीत पर हम बहुत खुश हैं। यह मध्य प्रदेश के लिए अभूतपूर्व सफलता है। यह जीत राज्य की पूरी जनता को समर्पित है। चंद्रकांत पंडित और टीम के सभी सदस्यों ने शानदार काम किया है। एमपीसीए की ओर से दो करोड़ रुपये की इनामी राशि पूरी टीम को दी जाएगी।”

यश दुबे और शुभम शर्मा और रजत पाटीदार ने मध्यप्रदेश के लिए शतकीय पारियां खेलीं। वहीं, मुंबई के लिए सरफराज खान ने शतक लगाया। गेंदबाजी में मध्यप्रदेश के गौरव कुमार ने छह और कुमार कार्तिकेय ने पांच विकेट लिए। वहीं, मुंबई के शम्स मुलानी ने सबसे ज्यादा आठ विकेट लिए।

पिछले कुछ सालों में रणजी में नई टीमें उभर कर सामने आ रही हैं। 2014-15 से अब तक आठ सीजन में छह अलग-अलग टीमों ने खिताब अपने नाम किए हैं। 2014-15 में कर्नाटक, 2015-16 में मुंबई, 2016-17 में गुजरात, 2017-18 और 2018-19 में विदर्भ, 2019-20 में सौराष्ट्र और 2021-22 में मध्य प्रदेश की टीम चैंपियन बनी है। 2020-21 में कोरोना की वजह से टूर्नामेंट को रद्द कर दिया गया था।

सरफराज के शतक की बदौलत मुंबई का बड़ा स्कोर

टॉस जीतकर (Ranji Trophy) पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की टीम ने शानदार शुरुआत की। पृथ्वी शॉ और यशस्वी जायसवाल ने पहले विकेट के लिए 87 रन जोड़े। शॉ 47 रन बनाकर आउट हुए। यहां से मध्यप्रदेश ने मैच में थोड़ी वापसी की और नियमित अंतराल पर मुंबई के विकेट चटकाए। यशस्वी जायसवाल (78 रन) और सरफराज खान (134 रन) ने एक छोर संभालकर बल्लेबाजी की और अपनी टीम को 374 रन के स्कोर तक पहुंचा दिया। मध्य प्रदेश के लिए गौरव यादव ने चार विकेट लिए। सारांश जैन को दो, अनुभव अग्रवाल को तीन और कुमार कार्तिकेय को एक विकेट मिला। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button